अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chatra : चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत राजधर रेलवे साइडिंग के पास कल्याणपुर चौक पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रांसपोर्टिंग हाईवा पर अचानक फायरिंग कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
हाईवा को बनाया गया निशाना
जानकारी के अनुसार, यह हाईवा रेलवे साइडिंग से जुड़ा ट्रांसपोर्टिंग कार्य कर रहा था। अज्ञात अपराधियों ने चलते हाईवा पर गोलियां चलाईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
आजाद सरकार के नाम से जारी प्रेस रिलीज
घटना के कुछ ही समय बाद खुद को कुख्यात राहुल सिंह गैंग का सदस्य बताने वाले आजाद सरकार की ओर से एक प्रेस बयान जारी किया गया। इस बयान में फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। अब यह प्रेस रिलीज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल हुए इस पोस्ट में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
कई साइडिंग और कंपनियों को दी चेतावनी
जारी बयान में खलारी सीमेंट साइडिंग, रुंगटा कंपनी से जुड़ी साइडिंग, पीएनएम कंपनी और खलारी–पिपरवार क्षेत्र की विभिन्न रेलवे साइडिंग में काम करने वाले लोगों को चेतावनी देने की बात कही गई है। बयान में यह भी कहा गया है कि यह फायरिंग मुन्ना अंसारी को चेतावनी देने के उद्देश्य से की गई।
पुलिस जांच में जुटी
फायरिंग की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
मजदूरों और ट्रांसपोर्टरों में खौफ
घटना के बाद रेलवे साइडिंग क्षेत्र में काम करने वाले ट्रांसपोर्टरों और मजदूरों के बीच दहशत का माहौल है। लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं और कामकाज भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : लंबित फाइलों के पीछे इंतजार करता इंसाफ, SP निधि ने दिए सख्त निर्देश



