अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में हुए ग्राम प्रधान हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। आरोप है कि गांव के ही 23 वर्षीय युवक धर्मा पहाड़िया ने जादू-टोना का शक और पुरानी अदावत में ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया की सोते समय कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसकी निशानदेही पर खून से सनी टांगी और गमछा भी बरामद कर लिया है।
सोते समय धारदार हथियार से किया वार
घटना 21 सितंबर की रात की है। छोटा कुस्कुट्टा गांव के ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी धर्मा पहाड़िया घर में घुसा और सोते हुए प्रधान पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। उसने प्रधान का गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अगली सुबह जब खून से लथपथ शव देखा गया, तो इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन के बयान पर अमड़ापाड़ा थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई।
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। इस टीम में कई थानों के प्रभारियों के साथ तकनीकी शाखा, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और श्वान दस्ता (स्वान टीम) को शामिल किया गया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने मानवीय सूचना तंत्र और वैज्ञानिक साक्ष्यों के जरिए तेजी से सुराग जुटाए और दबिश देकर मात्र 8 घंटे के अंदर आरोपी धर्मा पहाड़िया को धर दबोचा।
पिता-दादा की मौत और अंधविश्वास का बदला
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी धर्मा पहाड़िया ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी का कहना था कि उसे शक था कि ग्राम प्रधान ने ही जादू-टोना करके उसके पिता और दादा की जान ली थी। आरोपी ने यह भी दावा किया कि प्रधान उसकी भी हत्या की साजिश रच रहा था और उसे जान से मारने की बात कह रहा था। इसी डर और बदले की भावना में आकर उसने मौका पाकर सोते समय ग्राम प्रधान की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी टांगी और एक नारंगी रंग का गमछा जब्त कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : पांडेय गिरोह के कुख्यात विकास तिवारी पर सीसीए, जेल से बाहर आने के रास्ते बंद


