अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले में सक्रिय संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। पतरातू बस्ती निवासी और कुख्यात पांडेय गिरोह के मुख्य शूटर विकास तिवारी के खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए) के तहत निरुद्धादेश जारी किया गया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद अब शातिर अपराधी का लंबे समय तक जेल की सलाखों के पीछे रहना तय हो गया है।
सलाखों के पीछे रखने के मिले पुख्ता आधार
रामगढ़ पुलिस ने संगठित अपराध और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए विकास तिवारी के खिलाफ सीसीए का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा था। मामले की समीक्षा के बाद गृह विभाग की परामर्शदात्री परिषद (एडवाइजरी बोर्ड) ने पाया कि इस अपराधी को बाहर रहने देना कानून-व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। बोर्ड ने विकास तिवारी को निरुद्ध रखने के लिए पर्याप्त आधार मौजूद होने की पुष्टि की, जिसके बाद सरकार ने उसे जेल में ही निरुद्ध रखने के आदेश पर अंतिम मुहर लगा दी।
अपराधियों और गिरोहों पर कड़ा एक्शन
शम्भुनाथ तिवारी का बेटा विकास तिवारी लंबे समय से पतरातू और आसपास के इलाकों में दहशत का पर्याय बना हुआ था। रंगदारी, हत्या के प्रयास और हथियार के बल पर कारोबारियों को धमकाने जैसे कई गंभीर मामले उस पर दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले में संगठित गिरोह चला रहे तत्वों और उनके गुर्गों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। विकास तिवारी पर सीसीए की यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय अन्य अपराधियों के लिए भी एक कड़ा संदेश है।
इसे भी पढ़ें : तेलियातु मोड़ पर धधका सीमेंट लदा ट्रक, धमाके के साथ फटा डीजल टैंक


