अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के मलीपाड़ा गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक बंद पत्थर खदान में युवक का शव पानी में तैरते देखा। खदान के ऊपरी हिस्से में पत्थरों पर खून के धब्बे बिखरे मिले हैं। इससे इलाके में आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और या यहीं पर हत्या करने के बाद शव को पानी में फेंक दिया गया। सूचना मिलते ही एसडीपीओ कुमार गौरव और नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की।
सुबह रास्ते से गुजर रहे ग्रामीणों की पड़ी खून पर नजर
स्थानीय लोगों के अनुसार यह खदान जाकिर हुसैन की बताई जा रही है, जो काफी समय से बंद पड़ी थी। मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण जब खदान के पास वाले रास्ते से गुजर रहे थे, तो उन्हें जमीन पर ताजा खून बिखरा दिखा। अनहोनी की आशंका पर जब लोगों ने खदान के गहरे पानी में झांककर देखा, तो वहां एक अज्ञात युवक का शव उतरा रहा था। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने फौरन इसकी जानकारी स्थानीय मुखिया विकास गौड़ को दी, जिसके बाद मुखिया ने नगर थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया।
गोताखोरों की मदद से निकाला शव, पहचान कराने में जुटी पुलिस
सूचना पाकर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सोना जोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, जांच के लिए पहुंची पुलिस की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल पर पत्थरों पर पड़े खून के नमूने इकट्ठा किए हैं ताकि फॉरेंसिक जांच कराई जा सके।
हत्या या हादसा? हर पहलू पर तफ्तीश शुरू
ग्रामीणों का कहना है कि यह खदान काफी समय से असुरक्षित स्थिति में खुली पड़ी है, जिससे आए दिन हादसों का डर बना रहता है। नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस आसपास के गांवों में युवक की तस्वीर दिखाकर पहचान की कोशिश कर रही है। एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पुलिस इस बिंदु पर भी पड़ताल कर रही है कि क्या युवक की किसी दूसरी जगह हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को यहां खदान में लाकर फेंका गया है।
इसे भी पढ़ें : ईंट लदे मिनी ट्रक ने टेंपो के उड़ाए परखच्चे, महिला की तड़पकर मौत, भड़का गुस्सा


