अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में उद्योग लगाने की रफ्तार लगातार तेज होती दिख रही है। शुक्रवार को बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति (PCC) की बैठक में 29 नई औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दे दी गई। इन परियोजनाओं के लिए करीब 37.95 एकड़ औद्योगिक भूमि आवंटित की गई है। इसके साथ ही कई कंपनियों को प्लग एंड प्ले शेड्स भी उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी गई, ताकि उद्योग जल्द से जल्द शुरू हो सकें। इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में लगभग 6,000 करोड़ रुपये का निवेश आने की उम्मीद है। सबसे बड़ी बात यह है कि इससे करीब 3,000 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की संभावना है। सरकार का मानना है कि इन निवेशों से बिहार में उद्योगों का दायरा बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में लगातार बढ़ रहा निवेश इस बात का संकेत है कि अब निवेशकों का भरोसा राज्य पर मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, वे बिहार को आधुनिक औद्योगिक और विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएंगी। इससे युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ कौशल विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उद्योग विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा, कुंदन कुमार ने कहा कि सरकार निवेशकों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से औद्योगिक भूमि उपलब्ध करा रही है। बेहतर सड़क, कनेक्टिविटी, आधारभूत सुविधाएं और सरल प्रक्रियाओं के कारण अब उद्योग स्थापित करना पहले की तुलना में काफी आसान हुआ है।
मेडिकल से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन और बैटरी तक, कई क्षेत्रों में होगा निवेश
इस बार जिन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, उनमें कई ऐसे क्षेत्र शामिल हैं जिन्हें भविष्य के उद्योग माना जा रहा है। इनमें एडवांस्ड मेडिकल टेक्नोलॉजी, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, रासायनिक विनिर्माण, प्लास्टिक उत्पाद, ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोमीटर निर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, फर्नीचर, लिथियम आयन बैटरी, कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) और जनरल मैन्युफैक्चरिंग जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
इन औद्योगिक क्षेत्रों में लगेंगी नई फैक्ट्रियां
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत नई इकाइयां बिहार के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी। इनमें सिकंदरपुर, हथुआ फेज-3, फारबिसगंज, लोहट फेज-1, बरियारपुर और फतुहा जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं।
बैठक में जिन कंपनियों के प्रस्तावों को मंजूरी मिली है, उनमें Ampera Life India Pvt. Ltd., जिसका प्रस्ताव अब तक का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है, के अलावा Shri Shirdi Sainath Power Infratech Pvt. Ltd., Rungta Irrigation Ltd., M/S Pankaj Traders, Anvira Green Energy Pvt. Ltd., Sangam Industries, Kalayan Plasto Industries और Lisica Chemicals Pvt. Ltd. जैसी कंपनियां भी शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : 1100 श्रद्धालुओं को बिहार सरकार का तोहफा, मुफ्त में कराएगी सोमनाथ यात्रा

