अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजधानी पटना की ऐतिहासिक पहचान को सहेजने और शहर को खूबसूरत बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मिलर हाई स्कूल परिसर में वर्षों से खड़ी ऐतिहासिक पानी टंकी का अब कायाकल्प होने जा रहा है। सीएम सम्राट चौधरी ने बुधवार को इसके जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और नए कैफेटेरिया निर्माण कार्य की नींव रखी। नगर विकास एवं आवास विभाग और पटना नगर निगम मिलकर इस पूरे प्रोजेक्ट पर काम करेंगे, ताकि स्कूल परिसर को एक नए और आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
मूल बनावट से नहीं होगी छेड़छाड़, तैयार होगा खूबसूरत पाथ-वे
परियोजना की सबसे खास बात यह है कि पानी टंकी के पुराने और ऐतिहासिक स्वरूप को जस का तस रखा जाएगा। मरम्मत कार्य के दौरान इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा कि इमारत की मूल बनावट को कोई नुकसान न पहुंचे। इसके लिए पारंपरिक और टिकाऊ निर्माण सामग्री का उपयोग किया जाएगा। पानी टंकी के चारों ओर लोगों के टहलने के लिए एक सुंदर गोलाकार पाथ-वे बनाया जाएगा। इसके साथ ही आसपास के पूरे इलाके में हरियाली बढ़ाई जाएगी और आकर्षक लैंडस्केपिंग के साथ आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे शाम के वक्त यह पूरा इलाका रोशनी से जगमगा उठे।

घूमने आने वालों के लिए बनेगा आधुनिक कैफेटेरिया
इस ऐतिहासिक स्थल को देखने आने वाले लोगों और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में एक आधुनिक कैफेटेरिया भवन का निर्माण भी होगा। कार्यक्रम के दौरान पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा ने प्रेजेंटेशन और एक वीडियो फिल्म के जरिए पूरे प्रोजेक्ट का खाका सीएम के सामने रखा। सीएम ने पूरे परिसर का मुआयना किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि काम की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ऐतिहासिक धरोहरों को बचाने के साथ-साथ शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है।

इस शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुमार, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी चंद्रवंशी, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, नगर विकास सचिव संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, डीएम कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : सम्राट कैबिनेट में 43 बड़े प्रस्ताव पास, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर पर CM ने खोला खजाना



