अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Vaishali/Patna : बिहार की धरती पर आज विकास का एक नया अध्याय जुड़ गया है। लोकतंत्र की जननी वैशाली की धरती पर पीएम नरेंद्र मोदी की एक झलक पाने और राज्य में हो रहे ऐतिहासिक बदलावों का साक्षी बनने के लिए युवाओं का जबरदस्त जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही राजापाकर के जाफरपट्टी इलाके में जुटी लाखों की भीड़, खासकर युवाओं का जोश, इस बात की गवाही दे रहा था कि बदलते बिहार की रफ्तार को लेकर उनमें कितना उत्साह है।

युवाओं के जोश ने बढ़ाया सभा का तापमान
जनसभा स्थल पर पहुंचे युवाओं के हाथों में तिरंगा और विकास की नई उम्मीदों के पोस्टर नजर आए। स्थानीय युवाओं का कहना था कि सीएम सम्राट चौधरी की सरकार में सड़क, बिजली, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में जो तेज काम शुरू हुए हैं, उससे अब बिहार के लड़के-लड़कियों को बाहर पलायन करने के बजाय अपने ही राज्य में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। पीएम मोदी ने भी अपने संबोधन में साफ कहा कि आज का बिहार घोटालों के लिए नहीं, बल्कि तेज विकास और सुशासन के लिए जाना जाता है और राज्य की तरक्की की लिस्ट इतनी लंबी है कि एक दौरे में गिनाई नहीं जा सकती।

सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना
इस भव्य आयोजन और राज्य में तेजी से जमीन पर उतर रही योजनाओं के पीछे सीएम सम्राट चौधरी की सक्रियता और दूरदर्शी नेतृत्व की भी जमकर तारीफ हुई। मंच से लेकर जनता के बीच तक सीएम सम्राट चौधरी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा गया कि केंद्र सरकार के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर उन्होंने बिहार के औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाई दी है। युवाओं ने भी माना कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार की कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और निवेशकों का भरोसा राज्य पर बढ़ा है, जिससे बिहार अब पिछड़ेपन की छवि से बाहर निकलकर विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है।

उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला ‘नीतीश सेतु’ समर्पित
इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने गंगा नदी पर बने 6-लेन के अत्याधुनिक केबल ब्रिज ‘नीतीश सेतु’ को देश को समर्पित किया। पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर को जोड़ने वाले इस पुल के शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी और व्यापार व रोजगार को भी नई गति मिलेगी।
34 हजार करोड़ की परियोजनाएं और रोजगार का रोडमैप
वैशाली के इस कार्यक्रम से पीएम मोदी ने कुल 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके तहत कई प्रमुख नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण के साथ-साथ शहरी यातायात को आधुनिक बनाने के लिए 100 ‘पीएम ई-बसों’ को हरी झंडी दिखाई गई। वहीं, औद्योगिक विकास और रोजगार को गति देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंच से युवाओं के भविष्य का रोडमैप रखते हुए बताया कि जंदाहा में 1200 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया है, जहां उद्योग लगाकर एक लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। उनके इस ठोस प्लान की सभा में मौजूद युवाओं ने तालियों से जमकर सराहना की। इसके अलावा बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की दूसरी इकाई और पीरपैंती पावर प्रोजेक्ट से जुड़ी योजनाओं के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक गरीब परिवारों को उनके पक्के घर की चाबी सौंपी गई।
कुल मिलाकर, वैशाली की इस रैली ने साफ कर दिया कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व में बुनियादी ढांचे की मजबूती और औद्योगिक निवेश के दम पर बिहार अब एक नई उड़ान भरने के लिए तैयार है, और इस बदलाव की सबसे बड़ी ताकत राज्य की युवा पीढ़ी बन रही है।

इसे भी पढ़ें : वैशाली की धरती से विकास का नया संदेश और CM सम्राट को आशीर्वाद दे गये PM मोदी




