अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : PM नरेंद्र मोदी आज यानी शनुवार को बिहार के युवाओं के साथ वर्चुअल संवाद करेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले यह संवाद युवाओं के लिए बड़ा संदेश दे सकता है। इस दौरान पीएम 62 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की योजनाओं की शुरुआत करेंगे।
पीएम-सेतु और स्वयं सहायता भत्ता योजना की शुरुआत
PM मोदी पीएम-सेतु योजना लॉन्च करेंगे, जिसमें 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश से देशभर के 1000 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) का विकास होगा। साथ ही, बिहार के लिए मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का विस्तार होगा। इस योजना में अब 12वीं पास के साथ-साथ कला, विज्ञान और वाणिज्य के ग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं को भी 2 साल तक हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी। इससे करीब 5 लाख युवाओं को फायदा होगा। साथ ही, भाषा, कंप्यूटर और संवाद कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अब तक 7.61 लाख युवाओं ने इस योजना का लाभ लिया है। सीएम नीतीश कुमार ने 18 सितंबर को अपने एक्स अकाउंट पर इसका ऐलान किया था।
शिक्षा और कौशल विकास पर जोर
PM बिहटा में एनआईटी पटना के नए कैंपस का लोकार्पण करेंगे। साथ ही, बिहार के 4 विश्वविद्यालयों में नई शैक्षणिक और अनुसंधान सुविधाओं की आधारशिला रखेंगे। देशभर के नवोदय विद्यालयों और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में 1200 व्यवसायिक कौशल प्रयोगशालाओं की शुरुआत होगी। ये लैब्स आईटी, ऑटोमोटिव, कृषि जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण देंगी। इसके अलावा, कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर के आईआईटी टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा।
युवाओं से खुली बातचीत
संवाद में PM मोदी बिहार के युवाओं से उनके राजनीतिक नजरिए, केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर विचार और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करेंगे। रोजगार सृजन, स्टार्टअप, डिजिटल स्किल्स और सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता पर फोकस होगा। दोनों सरकारें मिलकर युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए काम करेंगी।
इसे भी पढ़ें : बिहार में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, कई IAS अधिकारी इधर से उधर

