अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bhagalpur : भागलपुर के नवगछिया पुलिस लाइन में सब इंस्पेक्टर योगेश कुमार का शव उनके कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना के बाद से पूरे पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मियों के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े चार बजे योगेश पानी की टंकी बंद करने के लिए निकले थे। वहां से लौटने के बाद वे अपने कमरे में चले गए। इसके कुछ ही देर बाद कमरे के अंदर उनका शव फंदे से झूलता मिला। सूचना मिलते ही एसडीपीओ समेत जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है और पुलिस हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
पत्नी करती रही कॉल, खिड़की से झांकने पर उड़े होश
घटना का खुलासा तब हुआ जब पटना सचिवालय में तैनात योगेश की पत्नी गुड़िया कुमारी ने सुबह करीब पांच बजे उन्हें फोन किया। पत्नी ने लगातार 20 से 25 बार कॉल की, लेकिन जब फोन नहीं उठा तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत योगेश के साथी पुलिसकर्मियों को फोन कर मामले की जानकारी दी। साथी पुलिसकर्मी जब योगेश के कमरे के बाहर पहुंचे और काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद जवानों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। योगेश का शव फंदे से लटक रहा था। साथी जवानों ने फौरन इसकी जानकारी आला अधिकारियों को दी।
आठ दिन पहले ही बने थे SI, आठ बहनों के थे इकलौते भाई
योगेश मूल रूप से बांका जिले के बौंसी बाराहाट थाना क्षेत्र स्थित तप्पाड़ीह गांव के रहने वाले थे। वे साल 2020 से नवगछिया पुलिस लाइन में पदस्थापित थे और पहले एसपी के रीडर के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके थे। महज आठ दिन पहले ही उन्हें ASI से प्रमोट करके SI बनाया गया था। घर में अभी नई पोस्टिंग और तरक्की की खुशियां मनाई ही जा रही थीं कि इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया। योगेश अपने परिवार में आठ बहनों के बीच अकेले भाई थे। जब वे सिर्फ तीन साल के थे, तब सांप के काटने से उनकी मां की मौत हो गई थी। बच्चों के पालन-पोषण के लिए पिता रामकृष्ण साह ने उर्वशी देवी से दूसरा विवाह किया था। सौतेली मां उर्वशी देवी रोते हुए बताती हैं कि योगेश ने उन्हें कभी सौतेली होने का अहसास तक नहीं कराया और सगी मां से भी ज्यादा मान-सम्मान देता था।
दशहरा पर साथ रहे, तीन महीने में ही उजड़ गया संसार
योगेश की शादी इसी साल 1 जुलाई को लखीसराय की रहने वाली गुड़िया कुमारी से हुई थी। अभी शादी को तीन महीने ही बीते थे। हाल ही में दशहरे के मौके पर गुड़िया नवगछिया आई थीं और दोनों ने साथ मिलकर धूमधाम से त्योहार मनाया था। किसे पता था कि यह उनकी आखिरी मुलाकात साबित होगी। घटना के बाद से पत्नी गुड़िया और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजन पार्थिव शरीर के आने का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे खुदकुशी की असल वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इसे भी पढ़ें : रोमिंग का वादा कर विदेश में छोड़ा बेसहारा, पटना उपभोक्ता आयोग ने एयरटेल पर ठोका हर्जाना



