अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में शनिवार को गणतंत्र दिवस 2026 को लेकर फुल ड्रेस रिहर्सल की गई। यह रिहर्सल 26 जनवरी को होने वाले मुख्य समारोह से पहले अंतिम अभ्यास था। इसमें सभी प्लाटून पूरी वर्दी में शामिल हुए और कार्यक्रम के हर हिस्से की तैयारी को परखा गया।
डीसी और एसएसपी की निगरानी में हुई तैयारी
मुख्य समारोह की तैयारियों की निगरानी रांची के उपायुक्त और एसएसपी ने की। रिहर्सल के दौरान मंच की व्यवस्था, मुख्य अतिथि और वीआईपी अतिथियों के बैठने की जगह, सम्मान समारोह की प्रक्रिया और पदक वितरण की पूरी रूपरेखा पर अभ्यास किया गया ताकि कार्यक्रम के दिन किसी तरह की कमी न रहे।

छत्तीसगढ़ पुलिस समेत 18 बटालियन करेंगी परेड
इस बार गणतंत्र दिवस परेड में झारखंड पुलिस की विभिन्न इकाइयों के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस भी शामिल हो रही है। कुल 18 बटालियन परेड में भाग लेंगी। इनमें भारतीय सेना, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, झारखंड जगुआर, झारखंड आर्म्ड पुलिस जेएपी 10, एसएसबी, रांची पुलिस की महिला और पुरुष बटालियन तथा होमगार्ड शामिल हैं।

26 जनवरी को 9 बजे होगा झंडोत्तोलन
26 जनवरी को सुबह 9 बजे मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल तिरंगा फहराएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मैदान में करीब 200 पुलिसकर्मी, 50 से अधिक मजिस्ट्रेट और सादे लिबास में जवान तैनात रहेंगे। रांची एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि फुल ड्रेस रिहर्सल सफल रही है और मुख्य समारोह के दौरान पदक से सम्मानित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को मेडल प्रदान किए जाएंगे।

12 विभागों की झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र
गणतंत्र दिवस समारोह 2026 में इस बार कुल 12 विभागों की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, ग्रामीण विकास, गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता, कृषि पशुपालन एवं सहकारिता, सूचना एवं जन संपर्क, पर्यटन कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, परिवहन, महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा और उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : 26 जनवरी को बदला रहेगा राजधानी का ट्रैफिक सिस्टम, इन रास्तों पर नो एंट्री



