अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ में नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से हो, इसके लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है। समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी ने संयुक्त तौर पर चुनाव कार्यक्रम और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से जानकारी दी।
कब होगी वोटिंग और काउंटिंग
उपायुक्त ने बताया कि पाकुड़ नगर परिषद के लिए सोमवार यानी 23 फरवरी को मतदान होगा। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इस बार मतदान मतपत्र और मतपेटिका के जरिए कराया जाएगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि इस चुनाव में NOTA का विकल्प नहीं रहेगा।मतगणना 27 फरवरी को कृषि उत्पादन बाजार समिति, पाकुड़ में की जाएगी। यहीं से यह साफ हो जाएगा कि शहर की कमान किसके हाथ में जाएगी।
कितने वार्ड, कितने वोटर
पाकुड़ नगर परिषद में कुल 21 वार्ड हैं। इन वार्डों के लिए 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल मतदाताओं की संख्या 37,033 है। इनमें 18,667 महिला और 18,366 पुरुष मतदाता शामिल हैं। मतदान वाले दिन यानी 23 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। निजी दुकानों और प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी सवैतनिक अवकाश देने का निर्देश दिया गया है, ताकि कोई भी मतदाता अपने वोट के अधिकार से वंचित न रहे।
मतदान केंद्रों पर क्या रहेगा खास
सभी मतदान केंद्रों को तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है। इसके अलावा मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल, कैमरा या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का कहना है कि नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा को लेकर खास रणनीति बनाई गई है। हर वार्ड में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी तैयार रखी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। अगर कोई आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी।
पाकुड़ नगर परिषद चुनाव 2026 के लिए 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना होगी। 21 वार्डों में 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, सुरक्षा के कड़े इंतजाम और सार्वजनिक अवकाश की घोषणा। DC मनीष कुमार और SP निधि द्विवेदी क्या बता गये… जानें#pakurnews #newssamvad #Jharkhandnews pic.twitter.com/HYzvoEypFQ
— News Samvad (@newssamvaad) February 21, 2026
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। लोकतंत्र के इस पर्व में ज्यादा से ज्यादा भागीदारी ही शहर के बेहतर भविष्य की गारंटी है।
इसे भी पढ़ें : हाथी हमलों पर सख्त होगा कानून, मुआवजा बढ़ाने की भी तैयारी : सीएम हेमंत



