अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh ( Dharmendra Pradhan) : रात के अंधेरे में हाईवे पर बेतरतीब खड़े भारी वाहन अब सड़क पर चलने वाले आम लोगों की जान से खिलवाड़ नहीं कर पाएंगे। रामगढ़ जिले में नो-पार्किंग जोन और मुख्य सड़कों पर अवैध रूप से खड़े रहने वाले ट्रकों व मालवाहक वाहनों पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। डीसी ऋतुराज के कड़े निर्देश के बाद शनिवार रात जिला परिवहन विभाग की टीम अचानक सड़कों पर उतर आई और एनएच-33 पर बड़े पैमाने पर औचक चेकिंग अभियान चलाया गया।
आधी रात को चुट्टूपालू से कुज्जू तक दौड़ी टीम
DTO राजेश एक्का खुद अपनी टीम के साथ देर रात एनएच-33 के संवेदनशील इलाकों में पहुंचे। यह अभियान विशेष रूप से चुट्टूपालू घाटी, पटेल चौक और कुज्जू जैसे व्यस्त और दुर्घटना संभावित इलाकों में चलाया गया। अक्सर इन जगहों पर चालक अपने बड़े ट्रकों और ट्रेलरों को सड़क किनारे ही खड़ा कर सो जाते हैं या ढाबों पर चले जाते हैं। शनिवार रात की गई इस अचानक कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे कतार में खड़े 29 भारी वाहनों को घेरकर उनके तमाम कागजातों की बारीकी से जांच की गई।

कागजों में मिली बड़ी गड़बड़ी, 12 गाड़ियों पर गिरी गाज
जांच के दौरान कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। सड़क किनारे खड़े कई वाहनों के पास न तो जरूरी परमिट थे और न ही उनके पास फिटनेस व इंश्योरेंस के वैध दस्तावेज मिले। टीम ने जब वाहनों के रजिस्ट्रेशन, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट और ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की, तो नियमों की जमकर धज्जियां उड़ती दिखाई दीं। नो-पार्किंग नियमों के उल्लंघन और अधूरे कागजातों के आरोप में 12 भारी वाहनों के खिलाफ फौरन कानूनी कार्रवाई की गई और उनसे कुल 2 लाख 42 हजार 500 रुपये का भारी भरकम जुर्माना वसूला गया।
अंधेरे में काल बन जाते हैं खड़े वाहन, आगे भी जारी रहेगी सख्ती
DTO राजेश एक्का ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रात के अंधेरे में हाईवे के किनारे खड़े भारी वाहन पीछे से आने वाली तेज रफ्तार गाड़ियों को समय पर नजर नहीं आते। इसी लापरवाही के कारण आए दिन भीषण सड़क हादसे होते हैं और कई बेकसूर लोग अपनी जान गंवा बैठते हैं। उन्होंने सभी ट्रांसपोर्टरों, वाहन मालिकों और चालकों को सख्त हिदायत दी कि वे सड़कों और नो-पार्किंग इलाकों में गाड़ियां खड़ी करने की आदत छोड़ दें। डीटीओ ने साफ किया कि उपायुक्त के आदेश पर यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
इसे भी पढ़ें : पाकुड़ के 4 नाबालिग का बोकारो में रेस्क्यू, दलाल गिरफ्तार, केरल ले जाने की थी तैयारी



