अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : संगठित अपराध और रंगदारी वसूलने वाले गिरोहों के खिलाफ रामगढ़ पुलिस का सख्त रुख लगातार जारी है। पुलिस ने इलाके में दहशत फैलाने वाले कुख्यात राहुल दुबे गैंग की कमर तोड़ने के लिए एक साथ दोहरा प्रहार किया है। झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (CCA) के तहत गिरोह के दो सक्रिय और आदतन बदमाशों पर शिकंजा कसा गया है। पुलिस की इस दोहरी कार्रवाई के बाद से जिले के आपराधिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
गृह विभाग और एडवाइजरी बोर्ड की हरी झंडी के बाद फैसला
जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी के निर्देश पर दोनों अपराधियों के खिलाफ सख्त निरुद्धात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया था। झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आदेश के बाद परामर्शदात्री परिषद (एडवाइजरी बोर्ड) ने पूरे मामले और रिकॉर्ड की गहन समीक्षा की। बोर्ड ने पाया कि दोनों ही बदमाशों की गतिविधियां आम जनता की सुरक्षा और शांति के लिए बड़ा खतरा हैं, जिसके बाद पुलिस के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगा दी गई।
सुजीत डोम पर नया सीसीए, तुषार मिश्रा की जेल अवधि बढ़ी
प्रशासन की इस कार्रवाई के तहत दो अलग-अलग आदेश लागू किए गए हैं। पतरातू (भुरकुंडा) थाना क्षेत्र के रिवर साइड बुधबाजार का रहने वाला सुजीत डोम उर्फ सुजीत राम, राहुल दुबे गिरोह का बेहद शातिर और पुराना सदस्य माना जाता है, जिसके बढ़ते आपराधिक प्रभाव को देखते हुए उसके खिलाफ नया सीसीए निरुद्धादेश जारी किया गया है। वहीं दूसरी तरफ, रामगढ़ थाना क्षेत्र के मरार मिश्रा टोला का रहने वाला तुषार मिश्रा उर्फ शोम्या मिश्रा पहले से ही सीसीए के तहत हिरासत में था। जेल से बाहर आने पर उसके दोबारा अपराध में शामिल होने की आशंका को देखते हुए उसके निरुद्धादेश की मियाद को आगे बढ़ा दिया गया है।
अमन-चैन से खिलवाड़ करने वालों पर जारी रहेगा कड़ा प्रहार
पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि जिले में किसी भी गिरोह की गुंडागर्दी या रंगदारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोनों ही अपराधी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और इनके बाहर रहने से शांति भंग होने की पूरी आशंका थी। जो भी अपराधी जेल के अंदर या बाहर रहकर अपराध सिंडिकेट चलाने की कोशिश करेंगे, उन पर सीसीए समेत अन्य सख्त कानूनी धाराओं के तहत आगे भी निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आम नागरिक बेखौफ होकर रह सकें।
इसे भी पढ़ें : पति के मोबाइल से सुलगी कलह की आग, फिर…



