अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : निकाय चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच वार्ड नंबर 18 में उस वक्त अजीब हालात बन गए, जब एक ही गठबंधन के दो नेता मतदान केंद्र पर आमने-सामने आ गए। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे मतदान पूरे जोश में चल रहा था। मतदाता कतार में खड़े थे और माहौल सामान्य था। तभी कांग्रेस नेता राजेश गुप्ता उर्फ छोटू और झारखंड मुक्ति मोर्चा के वार्ड पार्षद प्रत्याशी सोमवीत माजी के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला गरमा गया। दोनों तरफ से समर्थक भी जुटने लगे, जिससे बूथ पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
गठबंधन में ही खींचतान
कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा एक ही गठबंधन का हिस्सा हैं, ऐसे में बूथ पर इस तरह की भिड़ंत ने लोगों को चौंका दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंदरूनी खींचतान पहले से चल रही थी, जो मतदान के दिन खुलकर सामने आ गई। हालांकि, विवाद की असली वजह को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग बातें कही जा रही हैं।
पुलिस ने संभाले हालात
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया। दोनों नेताओं को बूथ से बाहर कराया गया और समर्थकों को भी हटाया गया। कुछ देर के लिए मतदान की प्रक्रिया प्रभावित हुई, लेकिन हालात काबू में आने के बाद फिर से मतदान शुरू करा दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मतदाताओं में चर्चा का विषय
घटना के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई। मतदाताओं का कहना है कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव होता है, ऐसे में नेताओं को संयम रखना चाहिए। फिलहाल बूथ पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है और मतदान जारी है।
इसे भी पढ़ें : शहर की सरकार चुनने का दिन आज, उत्साहित वोटर्स डाल रहे वोट

