अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची में एक बार फिर सनसनी फैल गई है। रांची सिविल कोर्ट को दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस बार भी धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पूरे कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराकर जांच शुरू कर दी गई।
ईमेल में आरडीएक्स लगाने की धमकी
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के मुताबिक, एक ईमेल के माध्यम से सिविल कोर्ट परिसर को आरडीएक्स लगाकर उड़ाने की धमकी दी गई है। जैसे ही ईमेल की जानकारी मिली, बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। टीम ने पूरे कोर्ट परिसर की बारीकी से तलाशी ली। फिलहाल किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
6 फरवरी को भी मिली थी धमकी
यह पहली बार नहीं है जब रांची सिविल कोर्ट को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले 6 फरवरी को भी ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी दी गई थी। उस वक्त भी झारखंड जगुआर के बम निरोधक दस्ते ने लगातार दो दिनों तक पूरे कोर्ट कैंपस की सघन तलाशी ली थी। जांच में कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामान नहीं मिला था।
रांची कलेक्ट्रेट को भी मिल चुकी है धमकी
सिविल कोर्ट के बाद रांची समाहरणालय भवन को भी ईमेल के जरिए उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में कहा गया था कि समाहरणालय को सल्फरनाइट्रेट बम से उड़ा दिया जाएगा। उस समय भी रांची पुलिस तुरंत अलर्ट मोड में आ गई थी और बम निरोधक दस्ते को बुलाकर पूरे परिसर की जांच कराई गई थी।
पुलिस अलर्ट मोड में, जांच जारी
लगातार मिल रही धमकियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस साइबर एंगल से भी जांच कर रही है। ईमेल कहां से भेजा गया, इसके पीछे कौन है… इन सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है। फिलहाल राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी जगह से विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां कोई भी जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं। कोर्ट और अन्य सरकारी दफ्तरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Also Read : विजय जुलूस में बेसुध हुए सांसद बीडी राम, फिर…



