अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी के हिंदपीढ़ी इलाके में सोमवार देर रात कुछ बदमाशों ने ऐसा उत्पात मचाया कि मंगलवार सुबह लोग अपने घरों से बाहर निकले तो नजारा देखकर सन्न रह गए। मोती मस्जिद रोड और मक्का मस्जिद रोड पर सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियों के शीशे टूटे पड़े थे। कई वाहनों के आसपास कांच के टुकड़े बिखरे हुए थे। बदमाश रात के अंधेरे में एक-एक कर गाड़ियों को निशाना बनाते रहे और किसी को भनक तक नहीं लगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत के साथ लोगों में गुस्सा भी है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि तोड़फोड़ की इस वारदात में एक डीएसपी स्तर के अधिकारी की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है। इससे लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि जब पुलिस अधिकारी की गाड़ी तक सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा।
एक के बाद एक गाड़ियों के शीशे तोड़ते रहे उचक्के
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वारदात देर रात की है। बदमाश सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के पास पहुंचे और लोहे की किसी भारी वस्तु से उनके शीशे तोड़ने लगे। कुछ ही मिनटों में कई वाहनों को नुकसान पहुंचाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों को रात में किसी बड़ी घटना का अंदाजा नहीं हुआ। घटना में अलग-अलग कंपनियों की कई कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बदमाशों ने किसी एक वाहन को नहीं, बल्कि सामने जो गाड़ी मिली उसे निशाना बनाया।
सुबह बाहर निकले तो उड़ गए लोगों के होश
मंगलवार सुबह जब वाहन मालिक अपने-अपने घरों से बाहर निकले तो गाड़ियों की हालत देखकर हैरान रह गए। किसी की आगे की विंडशील्ड टूटी थी तो किसी की साइड का शीशा चकनाचूर पड़ा था। सड़क पर जगह-जगह कांच बिखरा हुआ था। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ जुट गई और घटना की सूचना हिंदपीढ़ी थाना पुलिस को दी गई।
इमरान बोले- हमारी ही नहीं कई गाड़ियों को बनाया निशाना
हिंदपीढ़ी निवासी इमरान की कार भी बदमाशों के निशाने पर रही। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी। सुबह बाहर निकले तो देखा कि कार का शीशा पूरी तरह टूटा हुआ है। आसपास नजर दौड़ाई तो पता चला कि कई और गाड़ियों के साथ भी यही हुआ है। इमरान का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटना ने लोगों को डरा दिया है। अब रात में सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने से लोग डरने लगे हैं।
डीएसपी की गाड़ी भी हुई क्षतिग्रस्त
इस घटना में एक डीएसपी स्तर के अधिकारी की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है। सूचना मिलने के बाद हिंदपीढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात किसी एक व्यक्ति ने की या इसके पीछे किसी गिरोह का हाथ है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि बदमाशों की गतिविधियों के बारे में कोई सुराग मिल सके।
थानेदार बोले- जल्द होगी पहचान
हिंदपीढ़ी थानेदार अरुण महता ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों को जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : शिबू सोरेन : ‘जल, जंगल, जमीन’ का वो सिपाही, जिसने भारत के नक्शे पर उकेरा एक नया राज्य











