अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात जमीन कारोबारी रमेश ठाकुर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वे कोकर स्थित तपोवन कॉलोनी के रहने वाले थे। उनका एक मकान तपोवन से सटे खोरहा टोली में भी है। फिलहाल रमेश ठाकुर इसी मकान में रह रहे थे। बुधवार सुबह उनका शव घर के अंदर मिला। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
रात में घर में अकेले सो रहे थे, सुबह मिली हत्या की खबर
जानकारी के मुताबिक, रमेश ठाकुर बीती रात खोरहा टोली स्थित अपने मकान में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधी घर में घुसे और धारदार हथियार से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए।
बुधवार सुबह कुछ किरायेदारों ने घटना की जानकारी तपोवन कॉलोनी में रह रहे परिजनों को दी। हत्या की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। घर के अंदर रमेश ठाकुर का शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
शव के पास पड़ा मिला धारदार हथियार
पुलिस को घटनास्थल से एक धारदार हथियार भी मिला है। यह हथियार मृतक के शव के पास पड़ा था। पुलिस को आशंका है कि इसी हथियार से रमेश ठाकुर के सिर पर हमला किया गया होगा। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी।
जमीन कारोबार से जुड़े होने के कारण पुलिस उनकी पुरानी रंजिश और विवादों की भी जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा पुलिस यह भी पता कर रही है कि हाल के दिनों में रमेश ठाकुर का किसी से विवाद तो नहीं हुआ था। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इससे देर रात इलाके में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के बाद हत्या की पूरी वजह और वारदात में शामिल लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें : 1000 स्कूलों में AI क्लास, हेलीकॉप्टर एंबुलेंस को मंजूरी… जानें हेमंत कैबिनेट के बड़े फैसले

