अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने एक और संदेही गुनहगार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम रवि यादव बताया गया। पुलिस ने उसे ऑर्किड अस्पताल से गिरफ्तार किया है। गोलीबारी के दरम्यान रवि यादव को को भी गोली लगी थी और वह जख्मी हो गया था। उसे इलाज के लिए ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज यानी शुक्रवार को डिस्चार्ज होने के बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पहले ही हो चुका है पूरे कांड का खुलासा
इससे पहले पुलिस बीते 19 जनवरी को पूरे कांड का खुलासा कर चुकी है। मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में संजय पांडेय, आशु कुमार साहु उर्फ बबलू, जुबैर खान उर्फ अजू, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बाबु, पप्पु साव और रोहित पांडेय शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, स्कॉर्पियो, सात खाली खोखे, तीन पिलेट और आठ मोबाइल फोन बरामद किया था।
तीन एकड़ जमीन को लेकर चल रहा था लफड़ा
यह पूरा मामला कांके रिंग रोड के सुकरहुटू मनातु क्षेत्र की करीब तीन एकड़ जमीन से जुड़ा है। इस जमीन को लेकर दो गुटों के बीच लंबे समय से लफड़ा चल रहा था। 17 जनवरी को दोपहर करीब एक बजे आकाश सिंह और विकास सिंह गुट का संजय पांडेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव के गुट से मारपीट हुई थी।
शाम को बातचीत, रात में फायरिंग
मारपीट के बाद शाम को जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर दोबारा बातचीत की बात तय हुई। दोनों पक्षों ने पिस्का मोड़ के पास मिलने का फैसला किया। रात में आकाश सिंह और विकास सिंह अपने साथियों के साथ तीन गाड़ियों में वहां पहुंचे। कुछ देर बाद संजय पांडेय गुट भी तीन गाड़ियों में मौके पर पहुंचा।
बहस के बाद चली गोलियां
बातचीत के दौरान जमीन और पैसों को लेकर बहस बढ़ गई। इसी बीच संजय पांडेय गुट की ओर से अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। इस गोलीबारी में आकाश सिंह के दाहिने हाथ में गोली लगी, जबकि विकास सिंह को सीने में दो गोलियां और बाएं हाथ में एक गोली लगी।
फायरिंग के बाद फरार हुए आरोपी
घटना के बाद सभी हमलावर स्कॉर्पियो और अन्य वाहनों से मौके से फरार हो गए थे। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। आकाश सिंह और विकास सिंह का इलाज रिम्स में हुआ, जबकि रवि यादव का इलाज ऑर्किड अस्पताल में चल रहा था।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद से जुड़े इस मामले में सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। आगे भी जरूरत पड़ने पर और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।
सराहनीय रही थी इनकी भूमिका
इस कांड का खुलासा करने में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सुखदेवनगर थानेदार सुनिल कुशवाह, कोतवाली थानेदार रवि कुमार, एसआई सहावीर उरांव, गिरजा मोहन सिंह, श्यामनाथ उरांव, मीनकेतन कुमार और अनुज प्रसाद यादव की भूमिका सराहनीय रही थी।
इसे भी पढ़ें : जमीन के कागज, पैसों का लेनदेन और हुकूमत की जंग का नतीजा था पिस्का मोड़ गोलीकांड

