अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : जमीन मालिकों के लिए राहत भरी खबर है। जिला प्रशासन जल्द ही भूमि रिकॉर्ड की गलतियों को सुधारने के लिए एक विशेष राजस्व महाअभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभियान के जरिए जमीन से जुड़े दस्तावेजों में नाम, खाता, खेसरा, रकबा और लगान जैसी जानकारी में हुई त्रुटियों को ठीक किया जाएगा।
सोमवार को समाहरणालय के कारगिल विजय सभा भवन में इस अभियान की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी तुषार सिंगला की अध्यक्षता में बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि वे गांव-गांव जाकर इस अभियान को सफल बनाएं और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से लोगों की मदद करें।
तीन चरणों में चलेगा महाअभियान
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देश पर यह अभियान तीन चरणों में चलेगा:
पहला चरण: 18 जुलाई से 14 अगस्त 2025
दूसरा चरण: 16 अगस्त से 20 सितंबर 2025
तीसरा चरण: 21 सितंबर से 30 अक्टूबर 2025
हर अंचलाधिकारी और भूमि सुधार उपसमाहर्ता को अपने क्षेत्र के लिए माइक्रो-प्लान तैयार करने को कहा गया है, ताकि काम सुचारू रूप से हो सके।
लोगों के घर तक पहुंचेगी सेवा
डीएम ने कहा कि इस अभियान का मकसद लोगों के घर तक जाकर जमीन से जुड़े दस्तावेजों की गलतियां सुधारना है। डिजिटाइज्ड (ऑनलाइन) जमाबंदी में अगर कोई गड़बड़ी है, तो उसे मौके पर ही ठीक किया जाएगा।
नामांतरण की प्रक्रिया भी आसान
इस अभियान के तहत उत्तराधिकार नामांतरण और बंटवारा नामांतरण की प्रक्रिया भी की जाएगी:
किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसकी संपत्ति वंशावली के आधार पर उत्तराधिकारियों के नाम की जाएगी।
संयुक्त जमीन के हिस्सेदार आपसी सहमति, रजिस्ट्री या कोर्ट के आदेश से अपनी हिस्सेदारी अलग करवा सकेंगे।
हर दिन की रिपोर्ट ऑनलाइन भेजने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि महाअभियान के दौरान हर दिन लगने वाले शिविरों की रिपोर्ट ऑनलाइन तैयार कर संबंधित विभाग को भेजी जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी तरीके से हो।
यह अभियान न केवल जमीन से जुड़े विवादों को खत्म करेगा, बल्कि लोगों को समय पर सही दस्तावेज भी उपलब्ध कराएगा।



