अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Samastipur : समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर थाना इलाके में चार बच्चों के बाप की करतूत के बाद एक महिला की संदिग्ध हालात में जान चली गई। 26 साल की रिंकी कुमारी का शव उसके ससुराल में चारपाई पर पड़ा मिला। रिंकी के मायके वालों का सीधा आरोप है कि उसके पति आनंद कुमार पोद्दार ने दूसरी औरत के चक्कर में पड़कर अपनी पहली पत्नी को जहर देकर मार डाला। वारदात के बाद से ही आरोपी पति अपने पूरे परिवार के साथ घर से फरार है, जबकि चार मासूम बच्चे अपनी मां के शव के पास बैठकर रोते रहे।
घर छोड़कर बाहर कमाने गया था, वहां रचा ली दूसरी शादी और बनाने लगा रील
कुरसाहा वार्ड नंबर तीन के रहने वाले 30 साल के आनंद कुमार पोद्दार की शादी करीब नौ साल पहले विभूतिपुर के टभका पछियारी टोल की रिंकी के साथ हुई थी। दोनों की गृहस्थी ठीक चल रही थी और उनके चार बच्चे भी हुए। इनमें आठ साल की बेटी आरुषि, पांच साल की कृषिका, साढ़े तीन साल का बेटा आर्यन और डेढ़ साल का मासूम रोशन शामिल हैं। काम के सिलसिले में आनंद कुछ समय से जयनगर में रह रहा था, जबकि रिंकी बच्चों को संभालते हुए गांव के घर में ही रहती थी। इसी दौरान आनंद का संपर्क अनीता नाम की एक महिला से हुआ और नजदीकी इतनी बढ़ गई कि उसने तीन महीने पहले उससे दूसरी शादी कर ली। शादी के बाद आनंद दूसरी पत्नी के साथ प्यार भरे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने लगा। जब ये रील रिंकी तक पहुंचीं, तो घर में आए दिन विवाद और कलह शुरू हो गई।
दिवाली पर घर लौटा पति, सुबह रोते बिलखते मिले बच्चे और मां की थम चुकी थी सांसें
मायके वालों के मुताबिक, आनंद दिवाली के मौके पर अपने भाई और भाभी के साथ जयनगर से गांव लौटा था। आरोप है कि इसी दौरान योजना बनाकर पहली पत्नी रिंकी को रास्ते से हटाने के लिए उसे जहर खिला दिया गया। सोमवार की सुबह जब घर से बच्चों के रोने और चिल्लाने की आवाजें बाहर आईं, तो आसपास के ग्रामीण दौड़कर अंदर पहुंचे। कमरे का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। रिंकी का शव चौकी पर बेसुध पड़ा था और उसके चारों छोटे बच्चे मां के जिस्म से लिपटकर बिलख रहे थे। घर से पति आनंद, उसका भाई और भाभी सब गायब थे। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की जानकारी रिंकी के मायके वालों को दी।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
सूचना मिलते ही रिंकी के मायके से उसका चचेरा भाई अमरेश कुमार और अन्य परिजन रोते-बिलखते कुरसाहा पहुंचे। घर में ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य मौजूद न पाकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मोहिउद्दीन नगर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मौत जहर की वजह से हुई या कोई और बात थी, इसका सही खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल फरार पति और उसके परिजनों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इसे भी पढ़ें : छठ पर सुरक्षा का सख्त पहरा : खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, निजी नाव और पटाखे बैन


