अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna/Muzaffarpur : बिहार में उद्योग-धंधों को रफ्तार देने और कारोबारियों की मुश्किलें दूर करने के लिए सरकार ने जमीनी स्तर पर पड़ताल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने मुजफ्फरपुर के महवल स्थित मेगा लेदर, फुटवियर और एसेसरीज पार्क का दौरा किया। उन्होंने वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और बुनियादी सुविधाओं को जल्द से जल्द दुरुस्त करने पर जोर दिया। इस मौके पर बियाडा (बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार) के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार और उद्योग विभाग के निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। टीम ने पार्क में सड़क, बिजली और पानी की व्यवस्था को बारीकी से देखा।

उद्यमियों को न हो कोई परेशानी, व्यवस्थाएं करें मजबूत
निरीक्षण के दौरान उद्योग मंत्री ने अधिकारियों को साफ लफ्जों में कहा कि औद्योगिक इकाइयों की जरूरतों का पूरा ख्याल रखा जाए। उन्होंने कहा कि कारोबारियों को अपनी यूनिट लगाने या काम चलाने में कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए। सरकार की पहली प्राथमिकता यह है कि राज्य में निवेश का अच्छा माहौल बने। बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी चीजें सही रहने पर ही उद्यमियों का भरोसा बढ़ेगा। इससे न सिर्फ नए उद्योग लगेंगे और उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे। उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी कामों की लगातार निगरानी करने की हिदायत दी।

कुमारबाग में जलजमाव पर सख्त हुए बियाडा एमडी, अफसरों को दिए कड़े निर्देश
दूसरी तरफ, बियाडा के एमडी नवीन कुमार ने कुमारबाग औद्योगिक क्षेत्र के फेज 1, फेज 2 और फेज 3 का जायजा लिया। वहां टूटी सड़कों और जलजमाव की गंभीर स्थिति देखकर वे नाराज हुए। उन्होंने लापरवाह अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये और इन दिक्कतों को तुरंत दूर करने को कहा। एमडी ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत चल रही सर्व एंटरप्राइजेज और कुमार टेक्सटाइल जैसी इकाइयों का भी दौरा किया। उन्होंने वहां काम कर रहे कारोबारियों से सीधे बात की और उनकी समस्याएं सुनकर मौके पर ही समाधान कराने का भरोसा दिया।

महवल और बेला की समस्याओं का भी होगा जल्द निपटारा
एमडी नवीन कुमार ने महवल और बेला औद्योगिक क्षेत्रों में आ रही दिक्कतों को लेकर भी अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि बियाडा का मकसद सिर्फ जमीन देना नहीं, बल्कि उद्यमियों को हर जरूरी सुविधा समय पर मुहैया कराना है। जिन इलाकों में जल निकासी और आवागमन की समस्या है, वहां फौरी तौर पर कदम उठाए जाएं। राज्य सरकार और बियाडा की कोशिश है कि औद्योगिक क्षेत्रों का माहौल पूरी तरह से काम के अनुकूल बने, जिससे बिहार में बड़े पैमाने पर नए निवेश आ सकें।

इसे भी पढ़ें : CM सम्राट ने बाढ़ पीड़ितों के लिए खोला खजाना, 1.60 लाख खाते में भेजे 112.14 करोड़


