अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Simdega : ‘पुलिस आ रही है…’ बस इतनी भनक लगते ही मौके पर खलबली मच गई और अवैध शराब बेच रही महिलाएं बोतलें और सामान वहीं छोड़कर गलियों में गायब हो गईं। मामला सिमडेगा शहर का है, जहां सार्वजनिक जगहों पर नशाखोरी, शराब की अवैध बिक्री और अड्डा जमाने वालों पर पुलिस ने नकेल कसना शुरू कर दिया है। शहर के माहौल को सुरक्षित बनाने और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए सिमडेगा थाना पुलिस और पीसीआर गश्ती दल ने कई प्रमुख इलाकों में अचानक दबिश दी।
डेली मार्केट से लेकर स्टेडियम तक पुलिस ने मारा छापा
पुलिस की टीमों ने एक साथ डेली मार्केट, कॉलेज टुंगरी के पिछले हिस्से और अल्बर्ट एक्का स्टेडियम के आसपास के इलाकों को चारों तरफ से घेरकर तलाशी ली। इन जगहों पर अक्सर अवैध रूप से शराब बेचने और सरेआम नशा करके उपद्रव मचाने की शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। जैसे ही पुलिस की गाड़ियां इन इलाकों में पहुंचीं, शराब बेचने और पीने वालों में हड़कंप मच गया। भागने की जल्दी में महिलाएं शराब से भरी बोतलें और केन मौके पर ही छोड़कर निकल गईं। पुलिस कर्मियों ने वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की और नियमों के तहत उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया।
जनता से मदद की अपील, अभियान आगे भी रहेगा जारी
इस पूरी कार्रवाई के बाद सिमडेगा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास अवैध शराब बनाने, बेचने या नशाखोरी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने साफ कह दिया है कि शहर के पार्कों, बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें : जंगलों में घिरे, रसद रुकी तो घुटने टेके : 10 लाख का नक्सली कमांडर महिला साथियों के साथ नतमस्तक











