अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में एक बार फिर जिस्मफरोशी का गंदा धंधा बेनकाब हुआ है। हरमू हाउसिंग कॉलोनी इलाके में स्थित शिवम पैलेस नामक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल की दो युवतियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर हटिया डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर होटल में दबिश दी और मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया।
गुप्त सूचना के बाद की गई कार्रवाई
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि हरमू इलाके के एक होटल में गलत काम चल रहा है। सूचना मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। जब जानकारी सही पाई गई तो विशेष टीम गठित कर होटल में छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचते ही होटल में अखलबली मच गई। कई लोग इधर-उधर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को घेरकर पकड़ लिया।
होटल मैनेजर भी गिरफ्त में
पुलिस ने इस मामले में होटल के मैनेजर को भी कस्टडी में लिया है। उसके अलावा पश्चिम बंगाल की दो युवतियों और तीन कथित ग्राहकों को पकड़ा गया है। सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि होटल में यह गंदा धंधा कब से चल रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। होटल के रिकॉर्ड, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
बाहर से लाई गई थीं युवतियां
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों लड़कियां पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें रांची कौन लेकर आया और उन्हें होटल तक पहुंचाने में किन लोगों की भूमिका रही। संभावना जताई जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। इसी वजह से पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : गोल्ड जीत लौटी शिक्षा का मंत्री दीपिका ने बढ़ाया हौसला, बोलीं- अब राष्ट्रीय मंच पर दिखेगा दम

