अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची में ED यानी प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर में हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर गुरुवार सुबह पुलिस की एक विशेष टीम ईडी ऑफिस पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर CISF को भी बुलाया गया और ईडी दफ्तर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। इस दौरान सिटी डीएसपी और एफएसएल की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
एयरपोर्ट थाना पुलिस कर रही जांच
ED अधिकारियों पर पूछताछ के दौरान मारपीट करने के आरोप में दर्ज एफआईआर के बाद रांची पुलिस तेजी से जांच में जुट गई है। एयरपोर्ट थाना पुलिस की अगुवाई में टीम ने ईडी कार्यालय में पहुंचकर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू किए। बताया जा रहा है कि एक दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान जांच प्रक्रिया में शामिल हैं।
CCTV फुटेज और दस्तावेज जब्त
सिटी डीएसपी, एयरपोर्ट थानेदार और अन्य इंस्पेक्टरों की मौजूदगी में ईडी ऑफिस के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने फुटेज को जब्त कर लिया है और संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा दस्तावेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पीड़ित की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
इस मामले में अपर चुटिया निवासी संतोष कुमार ने एयरपोर्ट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 12 जनवरी को ईडी कार्यालय में दो अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की। इस शिकायत के आधार पर कांड संख्या 05/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
क्या है पीड़ित का आरोप
संतोष कुमार का कहना है कि 12 जनवरी की सुबह उन्हें ED ऑफिस में हाजिर होने के लिए फोन आया था। वे तय समय से पहले कार्यालय पहुंच गए थे। दोपहर बाद उन्हें एक अधिकारी के कक्ष में बुलाया गया, जहां एक अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
पूछताछ के दौरान मारपीट का दावा
शिकायत के अनुसार, पूछताछ के दौरान उन पर आरोप कबूल करने का दबाव बनाया गया। इनकार करने पर दोनों अधिकारियों ने कथित रूप से गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि डंडे से भी पीटा गया और जान से मारने जैसी धमकियां दी गईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाकर धमकाने का आरोप
पीड़ित का दावा है कि घायल होने के बाद दोनों अधिकारी उन्हें सदर अस्पताल की इमरजेंसी में ले गए। वहां डॉक्टरों को चोट की बात दर्ज न करने के लिए धमकाया गया। आरोप यह भी है कि अस्पताल में शाम तक रखने के बाद बिना परिवार को सूचना दिए उन्हें दोबारा ईडी ऑफिस ले जाया गया और खून से सनी टी शर्ट बदलवा दी गई।
जांच जारी, आगे की कार्रवाई पर नजर
फिलहाल रांची पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर ईडी और पुलिस दोनों की भूमिका पर नजर बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : दिल्ली के बिल्डर पर रांची में कसा ACB का शिकंजा… जानें क्यों

