अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Mumbai : महाराष्ट्र की राजनीति में एक भावुक और ऐतिहासिक दिन रहा। दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने सोमवार को लोकभवन में आयोजित सादगीपूर्ण शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री का पद संभाला। शपथ ग्रहण समारोह सिर्फ 10 मिनट का था, लेकिन भावनाओं और संवेदनाओं से भरा रहा। सुनेत्रा पवार सफेद साड़ी में लोकभवन पहुंचीं और पहले प्रफुल्ल पटेल के पास नीचे लगी कुर्सी पर बैठीं। ठीक पांच बजे राज्यपाल देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के साथ मंच पर पहुंचे। इसके बाद एनसीपी विधायक दल की नेता के तौर पर सुनेत्रा पवार को स्टेज पर आमंत्रित किया गया।
शपथ ग्रहण की प्रक्रिया
सुनेत्रा पवार ने 5:04 बजे मराठी में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ लेने के तुरंत बाद उन्होंने अपने हस्ताक्षर किए। राज्यपाल ने 5:07 बजे संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। 5:10 बजे मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम ने राज्यपाल को प्रोटोकॉल के तहत विदाई दी। शपथ ग्रहण के दौरान मंच और दर्शक स्थल पर सभी लोग गमगीन दिखाई दिए, मुस्कान किसी के चेहरे पर नहीं थी।

भावनाओं से भरा माहौल
सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण के समय ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारों से पूरा लोकभवन गूंज उठा। सुनेत्रा पवार ने वह पद संभाला जो 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में उनके पति अजित पवार के निधन के बाद खाली हो गया था। इस तरह वे महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गई हैं। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, एनसीपी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और मंत्री छगन भुजबल भी मौजूद रहे।
NCP विधायक दल का समर्थन
सुनेत्रा पवार को पहले एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद पार्टी नेताओं ने उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की।

सुनेत्रा पवार की पहचान
सुनेत्रा पवार सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं। राज्यसभा की सदस्य के रूप में उन्होंने कई पहलों का नेतृत्व किया। 2010 में उन्होंने एनवायरनमेंटल फोरम ऑफ इंडिया (EFOI) की स्थापना की, जो पर्यावरणीय जागरूकता और संरक्षण के लिए काम करता है। उन्होंने जैव विविधता संरक्षण, लुप्तप्राय प्रजातियों की सुरक्षा, जल संसाधन प्रबंधन और सूखे जैसी समस्याओं से निपटने पर ध्यान केंद्रित किया है।
इसे भी पढ़ें : NCP विधायक दल की नेता बनीं सुनेत्रा पवार, आंसुओं के बीच होगा राजतिलक



