अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले के सीसीएल के अरगड्डा क्षेत्र स्थित सिरका परियोजना का चेक पोस्ट एक बार फिर गोलियों की आवाज से गूंज उठा। शनिवार सुबह करीब पांच बजे बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी पहुंचे और दो राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आराम से बाइक से फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है।
एक गोली गेट पर मारी, दूसरी हवा में चलाकर दी धमकी
जानकारी के मुताबिक दोनों अपराधी मुंह पर गमछा बांधे हुए थे। जैसे ही वे चेक पोस्ट के पास पहुंचे, पहले एक गोली चेक पोस्ट के गेट पर चलाई। इसके बाद दूसरी गोली हवा में दाग दी। फायरिंग के दौरान उन्होंने वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों से कहा, “अपने मालिक को बोल देना कि आकर बात कर ले।” इतना कहकर दोनों मौके से भाग निकले। घटना के बाद चेक पोस्ट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
एक खोखा मिला, दूसरे की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। माना जा रहा है कि यह वही खोखा है जो चेक पोस्ट के गेट पर चलाई गई गोली का है। वहीं हवा में चलाई गई गोली का खोखा अभी तक नहीं मिल पाया है। पुलिस आसपास के इलाके में उसकी भी तलाश कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी अकरम रजा और रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
सुरक्षा प्रभारी ने बताया कैसे हुई पूरी घटना
सिरका परियोजना के सुरक्षा विभाग के प्रभारी रोपण साहू ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे दो युवक एक बाइक से चेक पोस्ट पहुंचे। दोनों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। उन्होंने पहले एक गोली हवा में चलाई और फिर दूसरी गोली चेक पोस्ट के गेट पर दाग दी। इसके बाद धमकी देते हुए कहा कि अपने मालिक को बोल देना कि आकर बात कर ले और वहां से फरार हो गए।
कुख्यात राहुल सिंह गैंग के आजाद सरकार ने ली जिम्मेदारी
फायरिंग की इस घटना के बाद कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह के नाम से बने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट शेयर किया गया। इस पोस्ट के जरिए कुख्यात राहुल सिंह का खासमखास आजाद सरकार ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी की है। पोस्ट के जरिए दावा किया गया है कि सिरका कोल परियोजना, जीएम ऑफिस के बगल में आज भोर के 5:30 बजे, जो गोलीबारी की घटना हुई है, उसे आजाद सरकार (राहुल सिंह गैंग) के हुक्म पर अंजाम दिया गया है। पोस्ट में धमकी भरे लहजे में लिखा गया है कि अगर कॉल इग्नोर किया गया तो अपनी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम कर के रखे। बिना मैनेज किये काम करने का अंजाम जल्द ही आपको देखने को मिलेगा। सोशल मीडिया पर ये पोस्ट अब खूब वायरल हो रह है। हालांकि, वायरल हुए पोस्ट में कितना दम है, इसका आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं हो पाया है।
एक साल पहले भी इसी चेक पोस्ट पर हुआ था हमला
यह पहली बार नहीं है जब सिरका परियोजना का चेक पोस्ट अपराधियों के निशाने पर आया हो। करीब एक साल पहले भी इसी जगह फायरिंग की घटना हुई थी। उस दौरान अपराधियों ने एक ट्रक में आग लगा दी थी और पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। अब दूसरी बार उसी चेक पोस्ट पर गोली चलने से सीसीएल के कर्मचारियों और सुरक्षा विभाग के कर्मियों में डर का माहौल है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इसे भी पढ़ें : पाकुड़ में NGT के नियमों की उड़ी धज्जियां, पूर्व विधायक ने क्या किया… जानें

