अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Maharastra : महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) से ठीक एक दिन पहले पेपर लीक का बड़ा मामला सामने आया है। भिवंडी की कोनगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से TET परीक्षा के प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल मिलने की बात सामने आई है। इस खुलासे के बाद 28 जून को होने वाली परीक्षा रद्द कर दी गई है। अब शिक्षा विभाग जल्द नई तारीख घोषित करेगा।
पहले होटल में छापा, फिर एयरपोर्ट इलाके से दबोचे गए आरोपी
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि कोनगांव के डायमंड होटल में पेपर लीक गिरोह के सदस्य मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने होटल में छापा मारा, लेकिन आरोपी वहां से निकल चुके थे। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और सहारा एयरपोर्ट इलाके से तीनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए भिवंडी लेकर पहुंची है। कोनगांव पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों के पास परीक्षा से जुड़े प्रश्न मिले हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक का नेटवर्क कितना बड़ा है, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और प्रश्नपत्र किन-किन लोगों तक पहुंचाया गया। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं यह गिरोह लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक कराने में तो सक्रिय नहीं था।
चार लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों को लगा झटका
पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून को होने वाली TET परीक्षा रद्द कर दी। इस परीक्षा में करीब 4 लाख 28 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की तैयारी थी। राज्यभर के 1028 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होनी थी। परीक्षा रद्द होने से उन लाखों युवाओं को बड़ा झटका लगा है, जिन्होंने महीनों तक तैयारी की थी और परीक्षा का इंतजार कर रहे थे। अब सभी अभ्यर्थियों की नजर नई परीक्षा तिथि के ऐलान पर टिकी है।
पहले बुर्का और हिजाब को लेकर भी हुआ था विवाद
इस बार TET परीक्षा पहले ही चर्चा में आ चुकी थी। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने महिलाओं को बुर्का, हिजाब या अन्य पारंपरिक पोशाक पहनकर परीक्षा देने की अनुमति दी थी, लेकिन साथ ही गर्दन के ऊपर का हिस्सा खुला रखने का निर्देश जारी किया था। इस गाइडलाइन को लेकर कई संगठनों और अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए थे। विवाद शांत भी नहीं हुआ था कि अब पेपर लीक का मामला सामने आ गया।
NEET पेपर लीक में भी महाराष्ट्र का नाम आया था
इससे पहले देशभर में चर्चा में रहे NEET पेपर लीक मामले में भी महाराष्ट्र का नाम सामने आया था। सीबीआई जांच में पता चला था कि प्रश्नपत्र सबसे अधिक महाराष्ट्र में बेचा गया था। उस मामले में लातूर के कोचिंग संचालक शिवराज मोटेगांवकर और प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अब TET पेपर लीक की घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़ें : पाकुड़ में NGT के नियमों की उड़ी धज्जियां, पूर्व विधायक ने क्या किया… जानें

