अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lohardaga : लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे सीओ यानी अंचल अधिकारी पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। इस घटना में अंचल अधिकारी की सरकारी गाड़ी को नुकसान पहुंचा है। पूरे मामले में सेन्हा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
नूरी सराय पुल के पास हुई घटना
घटना मुरकी-सेन्हा पथ स्थित नूरी सराय पुल के पास की है। अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध डंपिंग यार्ड से बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए जब वे मौके पर पहुंचे, तभी वहां मौजूद लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
लाठी, डंडा और बेलचा से किया हमला
अंचल अधिकारी के अनुसार, सेन्हा नूरी सराय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी नुसरत जहां, छोटे पुत्र राशिद अंसारी समेत करीब दस अज्ञात महिला-पुरुषों ने मिलकर लाठी, डंडा और बेलचा से उनके साथ मारपीट की। हमलावरों ने उनके द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू उतरवाया और ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए।
सरकारी गाड़ी का शीशा तोड़ा
सीओ ने अपने आवेदन में बताया है कि आरोपियों ने ईंट से उनकी सरकारी गाड़ी के शीशे पर हमला किया, जिससे शीशा टूट गया। इसके बाद भी वे उन्हें रोककर मारपीट करने की कोशिश करते रहे और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी है।
तीन नामजद और दस अज्ञात पर केस दर्ज
सीओ पंकज कुमार भगत के आवेदन पर सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने कांड संख्या 26/26 दर्ज किया है। प्राथमिकी में सरकारी कार्य में बाधा, धमकी देने और हमला करने जैसी धाराएं लगाई गई हैं।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर साहू ने मीडिया को बताया कि सीओ के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : न्याय तभी सार्थक, जब समय पर और सम्मान के साथ मिले : अनिल मिश्रा

