अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के पटना जिले के फुलवारी शरीफ रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक घटना ने सबको स्तब्ध कर दिया। यहां बदमाशों ने बिहार मिलिट्री पुलिस (BMP) में तैनात एडिशनल SP प्रेमचंद्र सिंह (54) का मोबाइल फोन छीन लिया। विरोध करने पर उन्हें रेलवे ट्रैक पर धक्का दे दिया, जिससे उनका बायां हाथ टूट गया।
मोबाइल छीना और ट्रैक पर फेंका
घटना 20 सितंबर की रात करीब 9 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 पर हुई। एडिशनल एसपी प्रेमचंद्र सिंह उस समय स्टेशन पर टहल रहे थे। तभी दो युवक आए और उनका मोबाइल छीनकर भागने लगे। सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए उनका पीछा किया और एक बदमाश को पकड़ भी लिया। लेकिन दूसरे ने जान से मारने की नीयत से उन्हें ट्रैक पर धकेल दिया। गिरने के बाद वे बेहोश हो गए।
प्राथमिकी दर्ज
स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत पारस अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि उनका बायां हाथ की हड्डी टूट गई है। उनका इलाज जारी है। 22 सितंबर को होश आने पर उन्होंने IGIMS स्थित TOP कार्यालय में बयान दर्ज कराया। इसके आधार पर 23 सितंबर को पटना जंक्शन रेल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। रेल पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। एक विशेष टीम गठित की गई है और छापेमारी शुरू हो गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिवार के बारे में जानकारी
एडिशनल एसपी प्रेमचंद्र सिंह की पत्नी उमा सिंह भी पुलिस में दरोगा हैं और फिलहाल पटना के सरदार पटेल भवन में तैनात हैं। प्रेमचंद्र मूल रूप से कैमूर जिले के रामगढ़ के रहने वाले हैं। वे परिवार के साथ पटना के महुआबाग स्थित एक अपार्टमेंट में रहते हैं।
इसे भी पढ़ें : पुराने लफड़े ने ली खतरनाक करवट, फिर ताबड़तोड़ ब’मबाजी से दहला देवतल्ला

