अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में सर्द हवाओं का असर अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है। हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी थमने के बाद राज्य के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। राजधानी रांची में बीते 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची के कांके क्षेत्र में राज्य का सबसे कम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पलामू और लोहरदगा में भी ठंड का असर बना रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
चार जिलों में अब भी ठंड का असर
मौसम विभाग के अनुसार हिमालय में बर्फबारी रुकने से उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली सर्द हवाओं की तीव्रता में कमी आई है। इसका सीधा असर झारखंड के तापमान पर पड़ा है और राज्य में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार जताए गए हैं। हालांकि मौसम विभाग ने बताया कि आज यानी शनिवार को भी झारखंड के चार जिलों पलामू, खूंटी, हजारीबाग और गुमला में ठंड का असर बना रहेगा। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं राज्य के बाकी 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है।
सुबह-शाम हल्की ठंड बरकरार
जमशेदपुर में आज न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री रहने का अनुमान है। इसके अलावा धनबाद, बोकारो, देवघर, गिरिडीह समेत अन्य जिलों में भी तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। इससे सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी, लेकिन कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर के समय आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। तेज और चमकदार धूप निकलने से दिन का मौसम सुहावना बना रहेगा। हालांकि सुबह और रात के समय हल्की कनकनी बनी रह सकती है, इसलिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इसे भी पढ़ें : OMG! माता वैष्णो देवी में पहली बार ऐसा नजारा… देखें वीडियो

