अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
यूपी। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में आज एक डॉक्टर की निर्मम हत्या कर दी गई. वारदात सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मुद्रासन में हुई. दिनदहाड़े एक शख्स ने डॉक्टर पर तलवार से हमला किया और उनकी निर्मम हत्या कर दी. आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है.
बताया जा रहा है कि आरोपी ने तलवार से पहले डॉक्टर मुनेंद्र प्रताप वर्मा का हाथ काटा, फिर उनके सिर और गर्दन पर कई वार किए. तभी डॉक्टर ने मदद की गुहार लगाई. इसके बाद क्लिनिक में मौजूद उनके स्टाफ व अड़ोस – पड़ोस के लोग दौड़े लेकिन तब तक डॉक्टर का काफी खून बह चुका था और उन्होंने वहीं दम तोड़ दिया.
खास बात है कि जिस जगह पर डॉक्टर मुनेंद्र प्रताप वर्मा पर तलवार से हमला किया गया, वहां से पुलिस पिकेट की दूरी महज चंद कदम है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर ने अपने हाथ मे चाकू भी ले रखा था.

इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गई. हमलावर को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया गया है. इस बड़ी वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया. मौके पर एसपी आरपी सिंह भी पहुंच गए.

मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने हमलावर अच्छे लाल विश्वकर्मा को तलवार के साथ गिरफ्तार करने की बात कही. एसपी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया जमीन के पैसे के लेनदेन के चलते इस घटना के कारित होने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओ पर भी जांच कर रही है.

