अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना के मोइनुलहक स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में खेलों के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है सही मंच और सुविधाएं देने की।
8000 पंचायतों में बनेंगे स्पोर्ट्स क्लब
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की करीब आठ हजार पंचायतों में स्पोर्ट्स क्लब बनाए जाएंगे। इन क्लबों में सभी प्रमुख खेलों के लिए खेल सामग्री और उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय स्तर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाना है ताकि बिहार से भी महेंद्र सिंह धोनी और सचिन तेंदुलकर जैसी प्रतिभाएं उभर सकें।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार ने नीति बनाई है कि जो खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे, उन्हें सीधे सरकारी नौकरी दी जाएगी। इससे युवाओं को खेल को करियर के रूप में अपनाने का भरोसा मिलेगा।
13 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण
उन्होंने बताया कि बिहार सरकार राज्य में 13 नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बना रही है। इसके साथ ही पटना स्थित मोइनुलहक स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की योजना पर काम शुरू किया जाएगा। यहां 1996 में आखिरी बार विश्व कप क्रिकेट मैच खेला गया था।
पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का होगा नवीनीकरण
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का रेनोवेशन किया जाएगा और इसे और भव्य रूप दिया जाएगा। साथ ही यहां स्विमिंग पूल बनाने की मांग भी रखी गई है, जिसे मुख्यमंत्री से बात कर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
खेलो इंडिया को मिल रहा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि आज के युवा खेल के माध्यम से अपना भविष्य बना रहे हैं। केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना को भी बढ़ावा दिया जा रहा है और बिहार सरकार खेल और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
आयोजन को और भव्य बनाने की अपील
सम्राट चौधरी ने सांसद खेल महोत्सव 2025 के आयोजक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद रविशंकर प्रसाद से अपील की कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और बड़े स्तर पर किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार सरकार इस आयोजन को पूरा सहयोग देगी।
इसे भी पढ़ें : सम्राट चौधरी का ऐलान- किसी भी हालत मेें बख़्शे नहीं जायेंगे अपराधी

