अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में लगभग 60 प्रतिशत अपराध जेल के अंदर से ही संचालित होते हैं। सरकार इन अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है। सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि अब कोई भी माफिया अपराध करके बच नहीं सकेगा, चाहे वह कितना भी ताकतवर क्यों न हो। उनका कहना है कि अपराधियों के मन में कानून का डर होना चाहिए।
यह जानकारी उपमुख्यमंत्री ने दीघा विधानसभा कार्यालय परिसर में आयोजित “अभिनंदन दीघा कार्यकर्ता सम्मान समारोह” के बाद पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने बताया कि आम लोगों को सरकार के प्रयासों के परिणाम जल्द ही दिखाई देंगे। सरकार जेल के अंदर से चल रहे अपराधों के नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।
चारा घोटाले के दोषियों के खिलाफ बड़ा कदम
सम्राट चौधरी ने चारा घोटाले में दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दोषियों के घर जब्त किए जाएंगे और उन घरों में गरीब बच्चों के लिए स्कूल खोला जाएगा। बिहार में पहले भी इसी मॉडल के तहत डीजीपी के घर में स्कूल खोला जा चुका है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार अगले पांच वर्षों में सुशासन, कानून का राज और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक में बंद पड़ी 25 चीनी मिलों को खोलने का निर्णय लिया गया है, जिससे किसानों को फायदा मिलेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
सम्राट चौधरी ने दीघा क्षेत्र के भूमि विवादों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कुल 1024.52 एकड़ भूमि का न्यायपूर्ण समाधान अंतिम चरण में है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि राज्य में सुशासन के साथ-साथ उद्योगों को भी प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि हर जिले में उद्योग स्थापित हों और स्थानीय रोजगार बढ़े। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि भाजपा की ताकत यह है कि पार्टी प्रत्याशी आपस में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने का भरोसा दिया। वहीं सांसद रवि शंकर प्रसाद ने विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों को जनता का अपमान बताया।

