अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : होली के दिन पिस्टल के दम पर गुंडई करने वाले शख्स को पुलिस ने धर दबोचा है। इस शख्स का नाम सुजित राम उर्फ सुजित डोम बताया गया। करीब 41 साल का सुजीत भुरकुंडा के बुधबाजार रिवरसाइड इलाके का रहने वाला है। उसका स्थायी पता बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा थाना क्षेत्र में है। पुलिस ने छापेमारी कर उसके घर से देशी पिस्टल, जिंदा गोलियां और मैगजीन बरामद किया है। सुजित राम दागी किस्म का व्यक्ति है और पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। इस बात का खुलासा आज यानी शुक्रवार को रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने किया है।
होली के दिन विवाद के दौरान दिखाया था पिस्टल
एसपी अजय कुमार ने मीडिया को बताया कि उन्हें इंफॉप्मेशन मिली थी कि चार मार्च को होली के दिन भुरकुंडा के बुधबाजार रिवरसाइड इलाके में रहने वाला सुजित डोम आपसी लफड़े के दौरान पिस्टल दिखाकर लोगों को डरा-हड़का रहा था। बताया गया कि वह इलाके में इधर-उधर घूमकर लोगों के बीच खौफ का माहौल बना रहा था। सूचना मिलते ही एसपी ने तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद एएसपी सह पतरातु एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई।
रात में घर को घेरकर की गई छापेमारी
पुलिस की टीम ने बीती रात सुजित डोम के घर पर धावा बोल दिया। इस दौरान सुजित डोम घर पर ही मिला। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि हथियार उसने अपने कमरे में रखे चदरा के बक्से में छिपाकर रखा है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बक्से की तलाशी ली तो उसमें से एक देशी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद हुआ।
हथियार का कोई कागज नहीं दिखा पाया
पुलिस ने जब आरोपी से हथियार से संबंधित वैध कागजात मांगे तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने उसे अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पतरातु थाना में कांड संख्या 55/2026 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a और 26 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसपी के अनुसार सुजित डोम पहले भी आर्म्स एक्ट, डकैती, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े कई मामलों में जेल जा चुका है।
राहुल दुबे गैंग से लिंक की भी चर्चा
पुलिस के अनुसार सुजित डोम का नाम भदानीनगर रेलवे साइडिंग में लेवी वसूली को लेकर हुए गोलीकांड में भी सामने आया था। उस मामले में उसे पतरातु थाना के कांड संख्या 163/2025 में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में 10 दिसंबर 2025 को उसे जमानत मिल गई थी। जेल से बाहर आने के बाद वह राहुल दुबे के नाम पर इलाके में फिर से दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था।
होली में पिस्टल के दम पर गुंडई करने वाले की पुलिस ने निकाली हेकड़ी, रामगढ़ SP अजय कुमार क्या बता गये… देखें pic.twitter.com/IZi95Ej8nI
— News Samvad (@newssamvaad) March 6, 2026
छापेमारी टीम में कई थानों की पुलिस रही शामिल
इस कार्रवाई में एएसपी सह पतरातु एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में पतरातु, बासल, भुरकुण्डा, मदानीनगर और बरकाकाना ओपी की पुलिस टीम शामिल रही। टीम में कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे, जिन्होंने मिलकर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
इसे भी पढ़ें : “मैनेज कर, नहीं तो खोपड़ी खोल देंगे”… कोयला कारोबारी के घर फा’यरिंग



