अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/Ramgarh (Rudra Ranjeet) : झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा क्षेत्र से लापता हुए भाई-बहन अंश कुमार और अंशिका कुमारी को बुधवार को सकुशल बरामद कर लिया गया है। दोनों बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिवार और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। बच्चों की तलाश के लिए बजरंग दल रामगढ़ जिला इकाई की भूमिका सराहनीय रही। बजरंग दल रामगढ़ के लोगों की ओर से जिलेभर में खोज अभियान चलाया जा रहा था। विश्व हिंदू परिषद रामगढ़ जिला के प्रचार-प्रसार प्रमुख दानिश पटेल ने इसकी जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि संगठन के कार्यकर्ता लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर बच्चों की तलाश कर रहे थे।
कहां और कैसे मिले अंश और अंशिका
बुधवार को बजरंग दल चितरपुर समिति के सदस्य सचिन प्रजापति, बबलू साहु और सन्नी चितरपुर प्रखंड के पहाड़ियां जहाने क्षेत्र में खोज अभियान चला रहे थे। इसी दौरान उन्होंने दोनों बच्चों को एक गुलगुलिया दंपति के पास देखा। संदेह होने पर बच्चों से पूछताछ की गई, जिसके बाद उनकी पहचान अंश कुमार और अंशिका कुमारी के रूप में हुई।
पुलिस को सौंपे गए बच्चे और दंपति
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और रामगढ़ पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बच्चों और गुलगुलिया दंपति को पुलिस के हवाले कर दिया गया। रजरप्पा थाना पुलिस सभी को रामगढ़ पुलिस मुख्यालय लेकर गई, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इनाम की घोषणा भी की गई थी
गौरतलब है कि बच्चों की तलाश में मदद करने या सही सूचना देने वालों के लिए प्रशासन और परिजनों की ओर से दो लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
क्षेत्र में हो रही बजरंग दल की सराहना
बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के बाद पूरे इलाके में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की जा रही है। लोग उनकी तत्परता और प्रयासों की प्रशंसा कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : 48 तेज तर्रार अफसर, 12 राज्यों में रेड, 500 CCTV और 5000 गाड़ियों की पड़ताल के बाद मिले अंश-अंशिका



