अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में इस बार ईद-उल-फितर और सरहुल एक ही दिन मनाए जा रहे हैं। ऐसे में शहर में त्योहार की रौनक तो है ही, साथ ही प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि दोनों पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनें, इसके लिए हर जरूरी इंतजाम कर लिया गया है।
हर तरफ पुलिस की मौजूदगी
भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। जगह-जगह पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी और सादे लिबास में जवान नजर आएंगे। ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी होने से पहले ही उसे रोका जा सके। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल भी तैयार रखा गया है।

ड्रोन और CCTV से नजर रखी जा रही
शहर के प्रमुख इलाकों, मस्जिदों, सरना स्थल, बाजार और सार्वजनिक जगहों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन से भी लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रख रहा है ताकि कोई संदिग्ध चीज तुरंत पकड़ में आ जाए।
ट्रैफिक और भीड़ संभालने की तैयारी
त्योहार के दौरान भीड़ ज्यादा रहती है, इसे ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। कई जगहों पर रूट बदले गए हैं और पार्किंग की अलग व्यवस्था की गई है। जुलूस और पूजा के दौरान लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए टीम लगातार काम कर रही है।

लोगों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने सरना समिति, वॉलंटियर्स और सर्व धर्म सद्भावना समिति के लोगों से कहा है कि वे भी नजर रखें। अगर कहीं कुछ संदिग्ध दिखे या कोई अफवाह फैल रही हो तो तुरंत प्रशासन को जानकारी दें। इससे समय रहते हालात संभाले जा सकते हैं।
अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती
चोरी, जेबकतरी और अफवाह फैलाने वाले लोगों पर खास नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसे लोगों पर तुरंत कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है।

डीसी की सीधी अपील
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने लोगों से कहा है कि त्योहार खुशी से मनाएं, लेकिन सावधानी भी रखें। बेवजह भीड़ से बचें और किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें। अगर कोई परेशानी दिखे तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को जानकारी दें। उन्होंने कहा कि लोगों का सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत है। मिलकर ही हम इन त्योहारों को सुरक्षित और यादगार बना सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : रेलवे में मेंटेनेंस का असर, इस रेल मंडल की कई ट्रेनें कल रद्द

