अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में केंद्रीय सरना समिति, राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा और आदिवासी बालक-बालिका छात्रावास रांची के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा पेसा नियमावली को मंत्रिपरिषद से मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। इस दौरान ढोल नगाड़ों के साथ लोग मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और खुशी जाहिर की।
पेसा कानून से मजबूत होगा स्थानीय स्वशासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेसा कानून लागू होने से जनजातीय क्षेत्रों में ग्राम सभाओं और पंचायतों को उनके अधिकार मिलेंगे। इससे स्थानीय स्वशासन की व्यवस्था मजबूत होगी और फैसले गांव स्तर पर लिए जा सकेंगे।
पूर्वजों के संघर्ष से बना झारखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड हमारे पूर्वजों के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। जल, जंगल, जमीन और संस्कृति की रक्षा के लिए आदिवासी समाज ने लगातार संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कई कानून आदिवासियों के हित में रहे, लेकिन जहां अन्याय हुआ, वहां संघर्ष भी हुआ।
झारखंड बलिदानियों की धरती
सीएम हेमंत ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के लिए लंबा आंदोलन चला। वर्ष 2000 में राज्य गठन हुआ, लेकिन इसके बाद भी आदिवासी और मूलवासी समाज के अधिकारों पर कई बार चोट पहुंची। जनता के भरोसे और आशीर्वाद से वर्तमान सरकार राज्यहित में लगातार काम कर रही है।

जनजातीय स्वशासन और संस्कृति की रक्षा प्राथमिकता
सीएम हेमंत ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनजातीय स्वशासन, सम्मान और सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा है। पेसा कानून आने वाले समय में समाज और राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
पेसा कानून की जानकारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि पेसा कानून और अन्य नियमों की जानकारी सभी रखें। उन्होंने कहा कि जागरूकता होगी तभी इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को भ्रमित करने की कोशिश होती है, इससे सतर्क रहने की जरूरत है।

गांव मजबूत होगा तभी राज्य मजबूत होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गांव को मजबूत करने पर काम कर रही है। उन्होंने दोहराया कि गांव मजबूत होगा तभी राज्य मजबूत होगा। जनता के उत्साह और समर्थन से सरकार को आगे काम करने की ऊर्जा मिलती है।
रोजगार और नियुक्तियों पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में लगभग दस हजार युवाओं को सरकारी नियुक्ति दी गई है। आगे भी रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर केंद्रीय सरना समिति के केंद्रीय अध्यक्ष अजय तिर्की, सचिव रूपचंद केवट, मुन्ना मिंज, प्रकाश अंश, अजय कच्छप, राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा के महासचिव जलेश्वर उरांव, कोषाध्यक्ष बिरसा उरांव, उपाध्यक्ष सोमे उरांव, जिला अध्यक्ष सोमदेव उरांव, संरक्षक सुधु भगत सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।

इसे भी पढ़ें : एसपी निधि सहित झारखंड के 6 IPS अधिकारियों को मिला प्रमोशन… देखें लिस्ट

