अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
New Delhi : दिवाली और छठ के मौके पर दिल्ली से घर लौटने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। इस भीड़ को संभालने और यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर रेलवे ने कई बड़े बदलाव किए हैं।
नई दिल्ली स्टेशन पर बंद हुई टिकट विंडो
उत्तर रेलवे ने फेस्टिव सीजन के दौरान 4700 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है, जिनमें से अधिकतर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से संचालित होंगी। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अजमेरी गेट की ओर बनी पहली मंजिल की टिकट विंडो को बंद कर दिया है। यहां जगह कम होने की वजह से यात्रियों की भीड़ संभालना मुश्किल हो रहा था।
अब टिकट मिलेगा ‘होल्डिंग एरिया’ से
जो यात्री बिना कंफर्म टिकट के यात्रा करना चाहते हैं और जनरल टिकट लेना चाहते हैं, उन्हें अब होल्डिंग एरिया से टिकट लेना होगा। रेलवे ने टिकटिंग के लिए अलग एरिया बनाया है ताकि यात्रियों को लाइन में खड़े रहने की परेशानी कम हो। इसके साथ ही एक प्री-टिकटिंग एरिया भी बनाया गया है, जहां यात्री अपने ट्रेन के समय तक इंतजार कर सकेंगे।
50 नई ऑटोमैटिक टिकट मशीनें लगाई जा रहीं
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने होल्डिंग एरिया में 50 ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVMs) लगाने का फैसला किया है। इन मशीनों पर रेलवे कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे ताकि यात्रियों को टिकट लेने में दिक्कत न हो। एक टिकट निकालने में औसतन 20 सेकंड का समय लगेगा।
उत्तर रेलवे का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित, तेज़ और आरामदायक बनाना है, ताकि त्योहारों के दौरान भीड़ के बावजूद किसी को परेशानी न हो।
इसे भी पढ़ें : इंफोसिस फाउंडर ने ठुकराई जाति जनगणना… जानें क्यों

