अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में आयोजित उत्पाद विभाग की परीक्षा में पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद माहौल गरमा गया है। इस मामले पर झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य के साथ सीधा धोखा बताते हुए सरकार और प्रशासन से जवाब मांगा है। अजय राय ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं अब राज्य में आम होती जा रही हैं, जो बेहद चिंता की बात है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह केवल परीक्षा की विफलता नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार और लापरवाही का बड़ा उदाहरण है।
मेहनती युवाओं के सपनों पर फिर चला पानी
अजय राय ने कहा कि झारखंड में बार-बार पेपर लीक की घटनाएं उन छात्रों के साथ अन्याय हैं, जो सालों तक मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ी होती है, फिर परीक्षा तिथि बार-बार बदलती है और अब पेपर लीक। उन्होंने कहा, “यह सब देखकर साफ लगता है कि राज्य में लगातार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है।”
गिरोह सक्रिय है, लेकिन संरक्षण किसका?
अजय राय ने कहा कि इस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी यह साबित करती है कि झारखंड में पेपर लीक का एक संगठित गिरोह सक्रिय है। लेकिन उन्होंने बड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि अगर गिरोह इतना बड़ा है, तो उसे संरक्षण देने वाले लोग कौन हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार छोटे स्तर पर गिरफ्तारी करके मामले को दबाने की कोशिश होती है, जबकि असली दोषी बच निकलते हैं।
सरकार से सीधे सवाल
अजय राय ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि मेहनत करने वाले छात्रों का भरोसा टूट रहा है। उन्होंने कहा, “क्या युवाओं की कड़ी मेहनत का कोई मूल्य नहीं रह गया है? क्या अब नौकरी योग्यता से नहीं, बल्कि सेटिंग और भ्रष्ट तंत्र से मिलेगी?” उन्होंने इसे राज्य के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति बताया।
निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने इस पूरे मामले में उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाना जरूरी है, ताकि आगे ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। उन्होंने मांग की कि दोषियों को ऐसी सजा मिले जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह की साजिश करने की हिम्मत न कर सके।
“अब सरकार को जवाब देना होगा”
अजय राय ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब सरकार को सिर्फ बयान नहीं, ठोस कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा, “युवाओं का भविष्य बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। सरकार को जवाब देना ही होगा और कार्रवाई करनी ही होगी।”
इसे भी पढ़ें : फुल एक्शन मोड में रांची नगर निगम, इन इलाकों में चलाया बुलडोजर



