अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र में ट्रक चालक से अवैध वसूली करते एक पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए SP रीष्मा रमेशन ने जांच के बाद नावाबाजार थाने में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) राजेश बैठा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
साथ ही, थाना में कार्यरत सभी सशस्त्र बलों को पुलिस लाइन भेज दिया गया है और उनकी जगह नए पुलिसकर्मियों की तैनाती का आदेश जारी कर दिया गया है।
वायरल वीडियो से खुली पोल
बताया जा रहा है कि 16 सितंबर को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें ASI राजेश बैठा एक ट्रक चालक से अवैध वसूली करते कैमरे में कैद हुए थे। यह वीडियो SP को व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त हुआ। SP ने तत्परता दिखाते हुए जांच का जिम्मा विश्रामपुर SDPO को सौंपा। जांच में वीडियो की पुष्टि हुई और आरोपी ASI का आचरण अनुशासनहीन पाया गया। इसके बाद SP ने निलंबन के साथ-साथ आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश भी की।
जनता से सहयोग की अपील
SP रीष्मा रमेशन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी पुलिसकर्मी की अवैध गतिविधि या वसूली की जानकारी हो तो तुरंत कंट्रोल रूम नंबर 7070452955 पर सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

