अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राज्य की सरकारी शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार बड़े कदम उठा रही है। सीएम हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि अब हर पंचायत स्तर पर खेल का मैदान बनाया जाएगा और सरकारी स्कूलों में खेल का सामान भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षकों को पढ़ाई के अलावा दूसरे गैर-शैक्षणिक कामों से दूर रखने के लिए समीक्षा कर जल्द ही ठोस समाधान निकाला जाएगा। सीएम ने यह बातें विश्व बाल दिवस के मौके पर कांके रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों के साथ खास बातचीत के दौरान कहीं।
बच्चों के सवालों का बड़े ही सहज और अपनेपन भरे अंदाज में जवाब देते हुए सीएम ने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के जरिए बच्चों की पढ़ाई का स्तर सुधारने में जुटी है और वर्तमान में हर जिले में पुस्तकालय भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा बहुत जरूरी है क्योंकि यही बच्चों को सही और गलत की समझ देती है।

बाल विवाह कानूनी अपराध, अफसर एक दिन स्कूलों में बच्चों से करेंगे बात
सीएम हेमंत सोरेन ने सामाजिक बुराइयों पर चिंता जताते हुए कहा कि बाल विवाह न केवल एक कानूनी अपराध है, बल्कि यह प्रकृति के भी खिलाफ है। कम उम्र में शादी होने से लड़की के साथ-साथ लड़के को भी जीवन भर परेशानी उठानी पड़ती है, इसलिए बच्चों की शादी तय उम्र में ही होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकारी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताएं और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानें। इसके अलावा, स्कूलों में माहवारी को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और बच्चियों तथा महिलाओं को सैनेटरी पैड भी दिए जा रहे हैं।
बच्चों का आत्मविश्वास देख गर्व होता है, हर बच्चे की आवाज सुनी जाए
बाल पत्रकारों की समझ की तारीफ करते हुए सीएम ने कहा कि बच्चों की जागरूकता और आत्मविश्वास देखकर उन्हें हमेशा हैरानी होती है। आज ये बच्चे जिस स्पष्टता के साथ अपने अधिकारों की बात रख रहे हैं, उसे देखकर गर्व होता है कि बड़े होकर ये कितने अच्छे लीडर बनेंगे। उन्होंने कहा कि जब कोई बच्चा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या समाज की किसी समस्या का हल बताता है, तो उसकी बात जरूर सुनी जानी चाहिए। झारखंड सरकार ऐसा सुरक्षित और अनुकूल माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां हर बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने और अपने सपने पूरे करने का बराबर मौका मिले। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन बाल पत्रकारों के अनुभव दूसरे बच्चों को भी अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की प्रेरणा देंगे।

बाल पत्रकारों ने साझा किए समाज में बदलाव के अनुभव
संवाद के दौरान यूनिसेफ के बाल पत्रकारों ने सीएम को अपने स्कूल और समुदाय में किए जा रहे कामों के बारे में बताया। बच्चों ने साझा किया कि कैसे उन्होंने अपने इलाकों में बाल विवाह और बाल श्रम जैसी कुरीतियों को रुकवाया और पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को वापस स्कूल से जोड़ा। इसके अलावा, माहवारी स्वच्छता, बचपन में होने वाली बीमारियों से बचाव, सही खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने के अनुभव भी सुनाए। सीएम ने यूनिसेफ के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की बातें सुनने से सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि सरकारी योजनाएं जमीन पर कितना असर दिखा रही हैं।

नीति निर्माण में बच्चों की राय जरूरी : यूनिसेफ
इस मौके पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि 80 साल के अनुभव से यूनिसेफ मानता है कि बच्चों को सिर्फ योजनाओं का लाभार्थी नहीं समझना चाहिए, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले फैसलों में उनकी भागीदारी भी तय होनी चाहिए। वहीं, यूनिसेफ की कम्यूनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि गरीबी, भौगोलिक हालात और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियां आज भी बच्चों के विकास में बाधा हैं, इसलिए बच्चों पर आज किया गया निवेश ही बेहतर समाज की नींव रखेगा। कार्यक्रम में रांची के विभिन्न सरकारी स्कूलों के 10 बाल पत्रकार सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी के साथ एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार भी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें : चतरा NTPC प्लांट हादसे में 3 मजदूरों की मौ*त, सीएम हेमंत और गवर्नर ने जताया दुख, प्रबंधन क्या बोला… जानें




