अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : अगर आप झारखंड के पात्र नागरिक हैं और किसी वजह से अब तक वोटर लिस्ट में अपना नाम नहीं जुड़वा पाए हैं, तो आपके पास एक और सुनहरा मौका है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत कोई भी योग्य व्यक्ति वोटिंग के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए आज यानी 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर ‘एक और अवसर’ कैंप लगाया जा रहा है। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस कैंप में BLO और BLA-2 की बैठक के साथ चुनाव पाठशाला का भी आयोजन होगा। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से इस अंतिम चरण की बैठक और कैंप का लाभ उठाकर अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज कराने की अपील की है।
गलती से कटे नाम और अधूरे दस्तावेज वालों की होगी सुनवाई
इस विशेष कैंप के दौरान निर्वाचन आयोग की ओर से मुख्य रूप से तीन बड़े काम किए जा रहे हैं। सबसे पहले, आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर एएसडीडी (ASDD) सूची को दोबारा प्रकाशित किया है। अगर किसी पात्र नागरिक का नाम गलती से या किसी अन्य कारण से इस सूची में चला गया है, तो वे तय प्रक्रिया को पूरा करते हुए फॉर्म-6 या इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करके अपना नाम फिर से जुड़वा सकते हैं। इसके साथ ही, मतदान केंद्रों पर उन मतदाताओं की सूची भी रखी गई है जिनका नाम नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी या अन्य श्रेणियों में फंसा हुआ है। ये वैसे लोग हैं जिन्हें ईआरओ स्तर से दो बार नोटिस जारी होने और घर-घर सत्यापन के बाद भी जरूरी कागजात जमा नहीं किए गए हैं। ऐसे मतदाता आज कैंप में जाकर अपने दस्तावेज दे सकते हैं।
1 अक्टूबर तक 18 साल के हुए युवाओं का जुड़ेगा नाम
कैंप का तीसरा सबसे बड़ा फोकस नए युवा मतदाताओं पर है। ऐसे सभी पात्र भारतीय नागरिक, जिनकी उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और वे अभी तक अपने मतदान केंद्र की वोटर लिस्ट में नाम नहीं जुड़वा पाए हैं, उनकी पहचान की जा रही है। कैंप में मौजूद अधिकारी ऐसे युवाओं से मौके पर ही फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने साफ किया कि एसआईआर के तहत BLO और BLA-2 की यह छठी और अंतिम बैठक है। इसलिए सभी पात्र लोग आज तय समय के भीतर अपने नजदीकी बूथ पर जरूर पहुंचें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी हिस्सेदारी पक्की करें।
इसे भी पढ़ें : छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने खोया आपा, 4 साल की बिटिया को पीट-पीटकर मार डाला






