अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmandra Pradhan) : रामगढ़ के अरगड्डा हेसला स्थित झारखंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के स्टील प्लांट में 6 अप्रैल को हुए विस्फोट का दर्द से लोग अभी उबरे भी नहीं थे कि एक और मजदूर की जान चली गई। गंभीर रूप से झुलसे श्यामदेव बरई ने बीती देर रात रांची के अस्पताल में दम तोड़ दिया। कई दिनों से वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे, लेकिन आखिरकार शरीर जवाब दे गया।
पांच तक पहुंचा मौत का आंकड़ा
श्यामदेव की मौत के बाद इस हादसे में मरने वालों की संख्या अब पांच हो गई है। इससे पहले बृजलाल बेदिया, राजू झा, अशोक बेदिया और अखिल राय की जान जा चुकी है। एक-एक कर हो रही मौतों ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। हर दिन किसी न किसी घर में चूल्हा ठंडा हो रहा है।
नौ मजदूर झुलसे थे, कुछ की हालत अब भी नाजुक
इस भीषण ब्लास्ट में कुल नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए थे। कुछ का इलाज रामगढ़ में तो कुछ को रांची के बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ मजदूरों की हालत अभी भी ठीक नहीं है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ी हुई है।
हादसे के बाद भड़का था गुस्सा
घटना के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था। फैक्ट्री गेट के बाहर विरोध प्रदर्शन हुआ, लोगों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कई दिनों तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठती रही।
मुआवजे का ऐलान, लेकिन सवाल बरकरार
विरोध बढ़ने के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 21 लाख रुपये मुआवजा देने और घायलों के इलाज का खर्च उठाने की बात कही। हालांकि, लोगों का कहना है कि पैसे से जान की भरपाई नहीं हो सकती। असली सवाल यह है कि ऐसी घटना हुई ही क्यों।
सुरक्षा पर उठ रहे बड़े सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा के नियमों का ठीक से पालन होता, तो शायद इतने मजदूरों की जान नहीं जाती।
हर घर में पसरा दुख
पांच मजदूरों की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। जिन घरों ने अपने कमाने वाले सदस्य को खोया है, वहां चीख-पुकार थमने का नाम नहीं ले रही। गांव के लोग भी सहमे हुए हैं और डर है कि कहीं ऐसी घटना फिर न हो। लोग अब प्रशासन से साफ जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : हेसला हादसा : मंत्री ने आश्रितों को दिया 21-21 लाख का चेक, क्या बोले… जानें



