अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamtara : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हालिया धरने को पूरी तरह फ्लॉप बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जिस कार्यक्रम को बहुत बड़ा जनआंदोलन बता रही थी, उसमें लोग पहुंचे ही नहीं। जामताड़ा की जनता ने भाजपा की इस नकारात्मक और अवसरवादी राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है।
बाबूलाल मरांडी को सलाह- आदिवासी हितों पर दें ध्यान
भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी पर चुटकी लेते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि वे एक वरिष्ठ और सम्मानित आदिवासी नेता हैं। उन्हें अपने राजनीतिक भविष्य पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। बाबूलाल जी को भाजपा और आरएसएस की नीतियां थोपने के बजाय आदिवासी समाज, जल-जंगल-जमीन और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं की रक्षा को सबसे ऊपर रखना चाहिए। आदिवासी समाज कभी भाजपा के साथ नहीं जा सकता, यही वजह रही कि इस धरने में आदिवासी समाज का एक भी व्यक्ति शामिल नहीं हुआ।
बिना मुद्दे की राजनीति कर रही है भाजपा
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा के पास अब जनता से जुड़े असली मुद्दे खत्म हो चुके हैं। इसीलिए पार्टी धरने और नौटंकी के जरिए केवल माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। लेकिन जामताड़ा की जनता अब सब समझती है। लोग विकास, शांति और जनहित के काम करने वालों के साथ खड़े हैं।
अस्पताल में तोड़फोड़ करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
जामताड़ा सदर अस्पताल में हुई तोड़फोड़ पर सख्त रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और मरीजों का इलाज रोकना बेहद गंभीर अपराध है। चाहे कोई कितना भी धरना दे ले या राजनीतिक दबाव बना ले, अस्पताल में तोड़फोड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा।
गलतफहमी में न रहे भाजपा, पुलिस करेगी निष्पक्ष कार्रवाई
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर किसी को लगता है कि धरना देकर पुलिस जांच को कमजोर कर लेंगे या केस दबा देंगे, तो यह उनकी बहुत बड़ी गलतफहमी है। पुलिस पूरी निष्पक्षता से अपना काम कर रही है और कानून हाथ में लेने वाले हर शख्स पर कार्रवाई होगी। डॉ. अंसारी ने कहा कि जामताड़ा की समझदार जनता ने भाजपा के इस फ्लॉप धरने के जरिए अपना जवाब दे दिया है। आगे भी जनता का भरोसा केवल विकास और सेवा की राजनीति पर ही रहेगा।
इसे भी पढ़ें : बारिश में सड़क पर बैठे थे छात्र… काफिला रोक मंत्री बोले- चलो, अब बात सड़क पर नहीं…”



