अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में इन दिनों कड़ी ठंड और घने कोहरे का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकांश इलाकों में सुबह होते ही घना कुहासा छा जा रहा है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और रांची का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, जामताड़ा, देवघर और गिरिडीह में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट लागू किया गया है। वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा और रामगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण रात का तापमान और गिर सकता है। आने वाले तीन दिनों तक कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है, जिससे सड़कों पर चलने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
ठंड का असर जनजीवन पर भी पड़ा है। जमशेदपुर के गाढ़ाबासा क्षेत्र में ठंड से एक 49 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वहीं डालटनगंज समेत अन्य इलाकों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है और कई जिलों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। देवघर में दृश्यता मात्र 200 मीटर, जमशेदपुर में 300 मीटर और रांची में 600 मीटर दर्ज की गई। खराब मौसम का असर हवाई और रेल यातायात पर भी पड़ा है। रांची एयरपोर्ट से कुछ उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहें और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें।

