अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan, Bhurkunda) : भुरकुंडा के जेएम कॉलेज में भूगोल विषय की प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर छात्रों से अवैध रूप से पैसे वसूले जाने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भुरकुंडा नगर इकाई ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। परिषद ने इस वसूली को छात्र विरोधी बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। संगठन का कहना है कि यह छात्रों के शैक्षणिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है।
पहले भी दिया जा चुका है ज्ञापन
अभाविप ने बताया कि 31 जनवरी को इस मुद्दे को लेकर कॉलेज प्रबंधन को पहला ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद भी कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिषद का आरोप है कि प्रशासन दोषियों को संरक्षण दे रहा है, जिससे छात्रों में नाराजगी बढ़ रही है।
परीक्षा केंद्र होने के कारण फिलहाल शांतिपूर्ण रुख
अभाविप ने बताया कि वर्तमान में कॉलेज में जैक बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं चल रही हैं। इसी वजह से संगठन ने अभी तक कोई आंदोलन या धरना नहीं दिया है। छात्रों की पढ़ाई और परीक्षा व्यवस्था को देखते हुए परिषद ने संयम बरता है।
23 फरवरी तक का अल्टीमेटम
अभाविप ने कॉलेज प्रशासन को 23 फरवरी तक का अंतिम समय दिया है। संगठन का कहना है कि यदि इस अवधि तक अवैध वसूली बंद नहीं हुई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
जनजातीय और गरीब छात्रों पर पड़ रहा असर
इस मौके पर झारखंड प्रदेश जनजातीय छात्र प्रमुख पिंटू मुंडा ने कहा कि जनजातीय और गरीब परिवारों से आने वाले छात्रों को आर्थिक रूप से परेशान करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि यदि तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा।
प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप
नगर मंत्री अभिनव यादव ने कहा कि कॉलेज प्रशासन की चुप्पी यह दर्शाती है कि यह वसूली मिलीभगत से हो रही है। उन्होंने कहा कि अभाविप छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए अंतिम दम तक संघर्ष करेगा और किसी भी तरह की लूट को बर्दाश्त नहीं करेगा।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई कार्यकर्ता
इस दौरान पूर्व जिला संयोजक शुभम गिरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रभारी पुनीत कुमार, आमिर अली, अमन अली, सोनू कुमार, राजा कश्यप, सन्नी वर्मा, सागर कुमार, युवराज कुशवाहा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में छात्रों के हित में आंदोलन का समर्थन किया।
इसे भी पढ़ें : JSSC ने जारी की उत्पाद सिपाही परीक्षा की तारीख… जानें



