अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के गांधी चौक, बड़ा मस्जिद के सामने सड़क हादसे के बाद हुए हंगामे और हिंसा के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय प्रमाणिक उर्फ अजय ठाकुर, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी भीड़ को उकसाने और जाम लगाने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
सड़क दुर्घटना में हुई थी एक व्यक्ति की मौत
घटना बीते 27 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे की है। गांधी चौक के पास सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और मृतक का शव सड़क से हटाने नहीं दिया।
भीड़ ने किया सड़क जाम, यातायात पूरी तरह ठप
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ को भड़का दिया। देखते ही देखते करीब 500 से 600 लोग सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया।
दुकानें जबरन बंद, कई इलाकों में तोड़फोड़
उग्र भीड़ ने आसपास के दुकानदारों को भयभीत कर दुकानें बंद करवाईं। कई जगहों पर तोड़फोड़ की गई, जिससे शहर का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया।
शहर के कई हिस्सों तक फैला उपद्रव
हंगामा धीरे धीरे थाना पाकुड़ नगर, उपायुक्त आवास चौक, बस स्टैंड और दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने मुख्य मार्ग तक फैल गया। हालात ऐसे बन गए कि पूरे शहर में कानून व्यवस्था की गंभीर स्थिति पैदा हो गई।
दो कांड दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या 16/26 और 17/26 दर्ज किया है। छापामारी के दौरान ग्राम मालीपाड़ा निवासी अजय प्रमाणिक को गिरफ्तार किया गया।
मौके पर तैनात रहे पुलिस अधिकारी
घटना के दौरान नगर थानेदार इंस्पेक्टर अनिल कुमार गुप्ता, एसआई सन्नी सुप्रभात और अभिषेक कुमार समेत पाकुड़ नगर थाना का सशस्त्र बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : रांची के इस स्टैंड में धधक उठी 6 बसें, मचा तहलका… देखें वीडियो

