अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : गर्मी की छुट्टियों और यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रेलवे ने रांची और टाटानगर से दिल्ली के लिए जनजाति दिवस स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों के चलने से झारखंड के यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में सहूलियत होगी और दिल्ली जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प भी मिल जाएगा।रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक रांची-दिल्ली-रांची और टाटानगर-आनंद विहार टर्मिनल-टाटानगर के बीच स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। दूसरी तरफ विकास कार्य और रोलिंग ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया गया है।
23 मई को रांची से खुलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 08639 रांची-दिल्ली जनजाति दिवस स्पेशल 23 मई 2026, शनिवार को रांची रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन सिर्फ एक फेरे के लिए चलाई जा रही है।ट्रेन सुबह 3:30 बजे रांची से खुलेगी। इसके बाद यह लोहरदगा, टोरी, डालटनगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और गोविंदपुरी होते हुए अगले दिन दिल्ली पहुंचेगी।वापसी में ट्रेन संख्या 08640 दिल्ली-रांची जनजाति दिवस स्पेशल 25 मई 2026, सोमवार को दिल्ली से चलेगी। यह ट्रेन उसी रूट से होकर वापस रांची आएगी। रेलवे ने बताया कि इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें स्लीपर और एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।
टाटानगर से भी चलेगी आनंद विहार स्पेशल
रेलवे ने टाटानगर के यात्रियों के लिए भी खास इंतजाम किया है। ट्रेन संख्या 08183 टाटानगर-आनंद विहार टर्मिनल जनजाति दिवस स्पेशल 23 मई को टाटानगर से रवाना होगी।यह ट्रेन मुरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर होते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।वापसी में ट्रेन संख्या 08184 आनंद विहार टर्मिनल-टाटानगर स्पेशल 25 मई को चलाई जाएगी। रेलवे के मुताबिक इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें सामान्य श्रेणी, स्लीपर और एसएलआरडी कोच लगाए जाएंगे।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए लिया गया फैसला
दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल प्रबंधक ने बताया कि गर्मी के मौसम और छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है ताकि लोगों को यात्रा में परेशानी न हो और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ सके।
कई पैसेंजर ट्रेनें रद्द
एक तरफ जहां रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है, वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों की वजह से कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया गया है।रेलवे के अनुसार रांची मंडल में चल रहे विकास कार्य और नियोजित ब्लॉक के कारण ट्रेन संख्या 58663/58664 हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर और 58665/58666 हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर को 11 जून 2026 तक रद्द रखा जाएगा।
हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस भी नहीं चलेगी
इसके अलावा दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास कार्य के चलते ट्रेन संख्या 18036 हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस को भी रद्द कर दिया गया है। पहले इस ट्रेन को कुछ दिनों तक देरी से चलाने की सूचना दी गई थी, लेकिन अब रेलवे ने 13 मई और 16 मई 2026 को इसे पूरी तरह रद्द करने का फैसला लिया है।रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति और समय सारिणी की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसे भी पढ़ें : सोना-चांदी की कीमतों में भूचाल, एक दिन में रिकॉर्ड तोड़ उछाल

