अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : गढ़वा में क्राइम कंट्रोल और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गढ़वा के पुलिस कप्तान अमन कुमार ने शुक्रवार को मासिक क्राइम मीटिंग की। इस मीटिंग में जिले के तमाम थानेदार मौजूद थे। एसपी ने बैठक की शुरुआत हाल ही में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कर्मा पूजा और मिलाद-उन-नबी पर्वों पर पुलिसकर्मियों की सराहना से की। साथ ही उन्होंने आगामी विजयादशमी पर्व को भी सुरक्षा और शांति के साथ मनाने के लिए निर्देश दिए।
बैठक में एसपी अमन कुमार ने कई अहम बिंदुओं पर जोर दिया। उन्होंने लंबित मामलों, विशेषकर पुराने मामलों को जल्द से जल्द निपटाने का टास्क दिया। टेक्नोलॉजी के प्रभावी इस्तेमाल पर भी ध्यान देने को कहा गया… IIF V को अपडेट करना, Netgrid सॉफ्टवेयर का अनुसंधान में उपयोग और प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त मोबाइल नंबरों का समय पर सत्यापन करना शामिल है।
एसपी ने थानेदारों को अपने क्षेत्रों में रोड सेफ्टी और साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने के लिए कहा। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए ब्लैक स्पॉट की पहचान कर विशेष कदम उठाने और वाहन जांच के दौरान रक्षक ऐप के इस्तेमाल को अनिवार्य करने के निर्देश दिए।
विशेष मामलों पर भी ध्यान देने को कहा गया, जैसे एस.सी./एस.टी. और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले, नक्सल कांडों का त्वरित निपटान, और चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर क्राइम, एन.डी.पी.एस. और आई.टी. एक्ट के मामलों में अनुसंधान की गति बढ़ाना। सभी पुलिसकर्मियों को ई-साक्ष्य पर जानकारी दर्ज करने और कानूनी प्रक्रिया में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया।
इसे भी पढ़ें : बालू घाट प्रबंधन को लेकर भाजपा के आरोप बेबुनियाद : विनोद पांडेय

