अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : 24 जनवरी की सुबह पाकुड़ की सड़कों पर कुछ अलग ही दृश्य था। लोगों की भीड़ और साइकिलों की कतार। गणतंत्र दिवस और राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के मौके पर जिला प्रशासन की पहल ने खेल, उत्साह और जिम्मेदारी को एक साथ जोड़ दिया। वीआईपी रोड से सोनाजोड़ी तक फैली सड़क पर जब हरी झंडी लहराई गई, तो सिर्फ एक प्रतियोगिता की शुरुआत नहीं हुई, बल्कि सड़क पर सुरक्षित चलने का संदेश भी आगे बढ़ा। बच्चे, युवा और खिलाड़ी अपनी पूरी ताकत के साथ पैडल मार रहे थे, चेहरे पर आत्मविश्वास और आंखों में जीत की चमक साफ दिख रही थी।
युवाओं की रफ्तार, प्रशासन की पहल
इस साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन, पाकुड़ के तत्वावधान में किया गया। परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी और जिला परिवहन पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता को रवाना किया। प्रतियोगिता का मार्ग वीआईपी रोड से सोनाजोड़ी होकर वापस वीआईपी रोड तक तय किया गया था। सड़क के दोनों ओर खड़े लोग तालियों से प्रतिभागियों का हौसला बढ़ा रहे थे। कई अभिभावक अपने बच्चों को देख भावुक भी नजर आए।

सिर्फ रेस नहीं, जिम्मेदारी का पाठ
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल खेल तक सीमित नहीं था। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 की थीम “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन, सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” को व्यवहार में उतारने की कोशिश की गई। प्रतिभागियों और आम नागरिकों को बताया गया कि हेलमेट पहनना क्यों जरूरी है, वाहन बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र कैसे जीवन बचा सकते हैं और सड़क पर नियमों की अनदेखी किस तरह हादसों को न्योता देती है। गुड समेरिटन कानून और राहगीर योजना जैसी जानकारियां भी लोगों के लिए नई सीख बनीं।
जब बच्चों ने दिखाया हुनर
बालिका वर्ग में सुहागिन हांसदा ने 12 मिनट 20 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। लक्ष्मी भगत और कल्याणी सरकार ने भी दमदार प्रदर्शन किया। वहीं बालक वर्ग में बाबनता हांसदा ने सबसे तेज रफ्तार के साथ बाजी मारी। समीर अंसारी और मोतीलाल सोरेन भी पीछे नहीं रहे। रेस के बाद कई प्रतिभागियों ने कहा कि जीत से ज्यादा खुशी इस बात की है कि वे सड़क सुरक्षा का संदेश लोगों तक पहुंचा पाए।

सम्मान और उत्साह
विजेताओं को शील्ड, ट्रैकसूट, प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मंच पर तालियों की गूंज थी और चेहरों पर मेहनत की खुशी।
सामूहिक प्रयास से बदलेगी तस्वीर
कार्यक्रम में एसडीपीओ डीएन आजाद, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, नगर थानेदार अनिल कुमार गुप्ता सहित जिला एथलेटिक्स और साइकिलिंग संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : 17 नक्सलियों के खात्मे के बाद बचे-खुचे को डीजीपी की दो टूक… जानें क्या

